झारखंड की उपराजधानी दुमका में गणतंत्र दिवस के अवसर पर इस वर्ष एक नया इतिहास बनने जा रहा है। राज्य स्थापना के बाद पहली बार ऐसा होगा जब दुमका में गणतंत्र दिवस पर तिरंगा मुख्यमंत्री नहीं, बल्कि जिला उपायुक्त फहराएंगे।

गणतंत्र दिवस समारोह को लेकर सभी तैयारियां पूरी
अब तक यह परंपरा रही है कि गणतंत्र दिवस के अवसर पर मुख्यमंत्री उपराजधानी दुमका में तिरंगा फहराते हैं, लेकिन इस बार मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन विदेश दौरे पर होने के कारण दुमका नहीं पहुंच सकेंगे। वहीं, संथाल परगना प्रमंडलीय आयुक्त का पद भी पिछले लगभग तीन महीनों से रिक्त है। ऐसे में इस वर्ष जिला उपायुक्त अभिजीत सिन्हा को तिरंगा फहराने की जिम्मेदारी सौंपी गई है। पुलिस लाइन मैदान में आयोजित होने वाले राज्य स्तरीय गणतंत्र दिवस समारोह को लेकर सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। शनिवार को परेड का फुल ड्रेस रिहर्सल किया गया, जिसमें उप विकास आयुक्त और पुलिस अधीक्षक ने निरीक्षण कर तैयारियों का जायजा लिया। हालांकि मुख्यमंत्री इस बार समारोह में शामिल नहीं हो पाएंगे, लेकिन प्रशासन की ओर से आयोजन में किसी भी तरह की कमी नहीं छोड़ी जा रही है।

सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए
इस वर्ष संथाल परगना प्रमंडल के सभी छह जिलों से कुल 15 प्लाटून परेड में भाग लेंगे। इसमें झारखंड सशस्त्र पुलिस (जैप), आईआरबी और एनसीसी की टुकड़यिां भी शामिल होंगी। साथ ही 14 विभागों की आकर्षक झांकियां भी प्रदर्शित की जाएंगी। उप विकास आयुक्त अनिकेत सचान ने बताया कि मुख्यमंत्री विदेश दौरे पर हैं और झारखंड में निवेश को बढ़ावा देने से जुड़े कार्यक्रमों में व्यस्त हैं। ऐसी स्थिति में उपायुक्त द्वारा तिरंगा फहराया जाएगा और इसकी सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। वहीं पुलिस अधीक्षक पीतांबर सिंह खेरवार ने कहा कि सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। यातायात व्यवस्था के लिए रूट लाइन तैयार की गई है और पुलिस लाइन मैदान में कुल तीन प्रवेश द्वार बनाए गए हैं, जिनमें वीआईपी के लिए अलग गेट की व्यवस्था की गई है।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Verified by MonsterInsights