खतौली । नगर पालिका परिषद के चेयरमैन हाजी शाहनवाज अली पर फर्जी ओबीसी का प्रमाण पत्र बनवाकर चुनाव लड़ने का आरोप था। इस मामले में शासन ने आदेश जारी कर चेयरमैन के वित्तीय व प्रशासनिक अधिकार सीज कर एसडीएम खतौली को प्रशासक बनाया है। उधर, इस मामले में चल रही जांच पूरी होने तक एसडीएम ही प्रशासक होंगी। खतौली एसडीएम अपूर्वा यादव ने बताया कि वह बुधवार को नगर पालिका कार्यालय पहुंच कर चार्ज लेंगी।
नगरपालिका चेयरमैन पद के लिए लाल मोहम्मद के रहने वाले हाजी शाहनवाज अली ने लोकदल के चुनाव चिह्न पर चुनाव लड़ा था। इस चुनाव में उन्होंने जीत हासिल की थी। कांग्रेस के चुनाव चिह्न पर चुनाव लड़ने वाले जमील अंसारी तथा निर्दलीय चुनाव लड़ने वाले कृष्णपाल सैनी ने शिकायत की थी कि हाजी शाहनवाज सामान्य जाति से हैं, बावजूद इसके उन्होंने फर्जी तरीके से ओबीसी प्रमाण पत्र बनवाकर चुनाव लड़ा है। जिस पर डीएम ने इसकी जांच कराई थी। जांच के बाद शाहनवाज अली के जाति प्रमाण को निरस्त कर दिया गया था। थाने में शाहनवाज के खिलाफ लेखपाल ने मुकदमा दर्ज करा दिया था। शाहनवाज अली अपील के लिए सहारनपुर कमिश्नरी गए थे। वहां से भी उन्हें कोई राहत नहीं मिली थी। यह मामला तभी से हाईकोर्ट में विचाराधीन है।
