मुजफ्फरनगर। नगर में श्री हनुमान मंदिर ट्रस्ट के तत्वावधान में बाबा खाटू श्याम जी की विशाल एवं भव्य शोभायात्रा बड़े ही श्रद्धा, उत्साह और धूमधाम के साथ निकाली गई। शोभायात्रा का शुभारंभ प्रातः 11 बजे मेहता क्लब से हुआ, जहां श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी और पूरा वातावरण “श्याम नाम” के जयकारों से गूंज उठा।
यात्रा का शुभारंभ कैबिनेट मंत्री अनिल कुमार, राज्य मंत्री कपिल देव अग्रवाल तथा एक हिंदी समाचार पत्र के संपादक अंकुर दुआ ने संयुक्त रूप से फीता काटकर एवं बाबा की पूजा-अर्चना कर किया। इस अवसर पर जनप्रतिनिधियों ने कहा कि इस प्रकार के धार्मिक आयोजनों से समाज में एकता, सद्भाव और आध्यात्मिक ऊर्जा का संचार होता है। शोभायात्रा मेहता क्लब से प्रारंभ होकर नगर के मुख्य मार्गों से होती हुई शिव चौक स्थित हनुमान मंदिर पर पहुंचकर संपन्न हुई। यात्रा मार्ग पर जगह-जगह श्रद्धालुओं एवं व्यापारियों द्वारा पुष्पवर्षा कर स्वागत किया गया। कई स्थानों पर प्रसाद वितरण और शीतल पेय की व्यवस्था भी की गई। अयात्रा में आकर्षक झांकियां, सजे-धजे रथ पर विराजमान बाबा खाटू श्याम की मनोहारी प्रतिमा, नासिक ढोल और गोरिल्ला कलाकार विशेष आकर्षण का केंद्र रहे। ढोल की थाप पर श्याम प्रेमी झूमते-नाचते नजर आए। महिलाएं, पुरुष, बच्चे और बुजुर्ग सभी भक्तिमय रंग में रंगे दिखाई दिए। “हारे का सहारा, बाबा श्याम हमारा” के उद्घोष से पूरा नगर श्याममय हो गया। शोभायात्रा के दौरान सुरक्षा के भी पुख्ता प्रबंध किए गए थे, जिससे कार्यक्रम शांतिपूर्वक और सुव्यवस्थित रूप से संपन्न हुआ। समापन पर शिव चौक स्थित हनुमान मंदिर में बाबा की आरती उतारी गई और भक्तों ने दर्शन कर धर्म लाभ प्राप्त किया।भव्य आयोजन को सफल बनाने में श्री हनुमान मंदिर ट्रस्ट के पदाधिकारियों एवं समस्त श्याम प्रेमियों का विशेष योगदान रहा। इस दौरान मुख्य रूप से
आदित्य गर्ग योगेंद्र गर्ग सचिन गर्ग नवीन गर्ग सुरेंद्र गर्ग प्रदीप गर्ग सौरभ गर्ग अंकित गर्ग विपिन गर्ग राघव मुकुंद गर्ग निशु गर्ग अंकुर गर्ग नमन कंसर्ट डीके कश्यप संजय गोयल हिमांशु वर्मा कार्तिक गर्ग आदि ट्रस्ट सदस्य उपस्थित रहे।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Verified by MonsterInsights