भारत और अमेरिका के बीच हुए हालिया अंतरिम व्यापार समझौते को लेकर देश में राजनीतिक सरगर्मी तेज हो गई है। लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी द्वारा इस समझौते पर सवाल उठाए जाने के बाद, केंद्र सरकार के दो वरिष्ठ मंत्रियों- वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री पीयूष गोयल और कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान- ने मोर्चा संभाल लिया है। दोनों मंत्रियों ने राहुल गांधी पर “झूठ फैलाने” और किसानों को “गुमराह” करने का कड़ा आरोप लगाया है। दोनों मंत्रियों ने दावा किया कि इस समझौते के तहत किसानों के हितों की ‘‘पूरी तरह से रक्षा’’ की गई है।

वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री पीयूष गोयल और कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर साझा किए गए वीडियो संदेशों में गांधी को ऐसे ‘‘आदतन झूठे’’ व्यक्ति करार दिया जो नहीं चाहते कि किसान सशक्त हों। मंत्रियों ने ये टिप्पणियां गांधी द्वारा ‘एक्स’ पर साझा किए गए उस वीडियो संदेश के बाद कीं जिसमें उन्होंने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी पर ‘‘किसान-विरोधी’’ होने और भारत एवं अमेरिका अंतरिम व्यापार समझौते के जरिये देश को ‘‘बेचने’’ का आरोप लगाया है।

गोयल ने कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष गांधी पर निशाना साधते हुए कहा, ‘‘आज जारी वीडियो में उन्होंने झूठ बोलने के सारे रिकॉर्ड तोड़ दिए हैं और निराधार आरोप लगाए हैं। वह अपने फर्जी विमर्श के जरिये हमारे किसानों को गुमराह कर रहे हैं और हमारे अन्नदाता को उकसाने की कोशिश कर रहे हैं। उन्होंने हमारी मातृभूमि की कभी परवाह नहीं की और हम उनसे भारत के मजबूत एवं समृद्ध भविष्य के लिए काम करने की कभी उम्मीद भी नहीं कर सकते।’’

गोयल ने कहा कि गेहूं, चावल, मोटा अनाज, सोयाबीन, मक्का, आनुवंशिक रूप से परिवर्तित (जीएम) खाद्य उत्पाद, मसाले और आलू सहित प्रमुख फसलों को ‘‘पूरी तरह संरक्षित’’ किया गया है। उन्होंने कहा, ‘‘हमने सेब सहित प्रमुख फलों का उत्पादन करने वाले किसानों के हितों को भी पूरी तरह संरक्षित किया है। भारत के दरवाजे दुग्ध उत्पादों या पोल्ट्री के लिए नहीं खोले गए हैं।’’ गोयल ने कहा कि सच्चाई यह है कि व्यापार समझौते के परिणामस्वरूप बासमती चावल, फलों, मसालों, चाय और समुद्री उत्पादों सहित कई उत्पादों को नये बाजार मिलेंगे और इससे भारत के निर्यात को बढ़ावा मिलेगा तथा किसानों की आय बढ़ेगी।

मंत्री ने कहा, ‘‘हमने कपास वस्त्र निर्यात के लिए बड़े बाजार खोले हैं, जिससे कपास की मांग कई गुना बढ़ेगी और हमारे कपास किसानों को लाभ होगा।’’ उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी किसानों के प्रति हमेशा संवेदनशील रहे हैं और उन्होंने उनकी समृद्धि सुनिश्चित करने के लिए सभी फैसले किए हैं। गोयल ने कहा, ‘‘अमेरिका के साथ हालिया व्यापार समझौते में किसानों के हितों को सर्वोपरि रखा गया है और इन्हें पूरी तरह संरक्षित किया गया है।’’ कृषि मंत्री चौहान ने भी गांधी के दावों को ‘‘निराधार’’ बताया।

चौहान ने कहा, ‘‘राहुल गांधी झूठे हैं। उनका देश और उसके किसानों से कोई लेना-देना नहीं है। उन्हें किसानों का सशक्तीकरण पसंद नहीं है। वह हमेशा राष्ट्र-विरोधी बातें कहते नजर आते हैं। उन्होंने अपने वीडियो संदेश में झूठ बोलने के सारे रिकॉर्ड तोड़ दिए हैं।’’ उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी हमेशा किसानों के हितैषी रहे हैं और उन्होंने हर फैसला उनके हित में लिया है। उन्होंने दावा किया कि मोदी के नेतृत्व में शुरू की गई योजनाओं ने किसानों की जिंदगी बदल दी है। उन्होंने कहा, ‘‘अमेरिका के साथ हालिया हस्ताक्षरित समझौते में किसानों के हितों को पूरी तरह संरक्षित किया गया है।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You missed

उत्तर प्रदेश के बहराइच जिले के खैरीघाट थाना क्षेत्र में गुरुवार शाम तेंदुए के हमले में सात वर्षीय बच्ची गंभीर रूप से घायल हो गई। बच्ची को प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए मेडिकल कॉलेज बहराइच रेफर किया गया है। पुलिस और स्थानीय सूत्रों के अनुसार, खैरीघाट थाना क्षेत्र के बाजपुरवा गांव में शाम करीब पांच बजे आफरीन (7), पुत्री तसव्वर, अपने घर के बाहर खेल रही थी। इसी दौरान झाड़ियों से निकले तेंदुए ने अचानक उस पर हमला कर दिया। बच्ची अस्पताल में भर्ती बच्ची की चीख सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंच गए और शोर मचाते हुए लाठी-डंडों के साथ तेंदुए की ओर बढ़े, जिसके बाद जंगली जानवर वहां से भाग गया। ग्रामीणों ने घायल बच्ची को तुरंत सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र शिवपुर पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उसका प्राथमिक उपचार किया। सीएचसी शिवपुर के चिकित्सक डॉ. विकास सिंह ने बताया कि बच्ची गंभीर हालत में अस्पताल लाई गई थी। उसकी स्थिति को देखते हुए उसे बेहतर उपचार के लिए मेडिकल कॉलेज बहराइच रेफर कर दिया गया, जहां उसका इलाज जारी है। गांव में दहशत का माहौल घटना की सूचना मिलने पर वन विभाग की टीम भी मौके पर पहुंच गई। वन क्षेत्राधिकारी पीयूष गुप्ता ने बताया कि टीम द्वारा क्षेत्र में जांच की जा रही है। रात का समय होने के कारण तेंदुए के स्पष्ट पगचिह्न नहीं मिल सके हैं, लेकिन इलाके में गश्त बढ़ा दी गई है और आसपास के जंगल व झाड़ियों की निगरानी की जा रही है। घटना के बाद गांव में दहशत का माहौल है। ग्रामीणों ने वन विभाग से तेंदुए को पकड़ने के लिए पिंजरा लगाने और नियमित गश्त कराने की मांग की है। वन विभाग ने लोगों से बच्चों को अकेले बाहर न भेजने और शाम के समय विशेष सतकर्ता बरतने की अपील की है।

Verified by MonsterInsights