–तहरीर के बावजूद कार्रवाई न होने से ग्रामीणों में रोष
मुजफ्फरनगर। खतौली कोतवाली क्षेत्र में चोरी की घटनाएं थमने का नाम नहीं ले रही हैं। ताजा मामला गांव खेड़ी राजपूताना का है, जहां देर रात्रि बेखौफ चोरों ने एक किसान के घर में घुसकर बछड़े को खोलकर चोरी कर लिया। पूरी वारदात घर के पास में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई, लेकिन पीड़ित का आरोप है कि पुलिस को तहरीर देने के बावजूद अब तक न तो मुकदमा दर्ज किया गया है और न ही किसी प्रकार की कार्रवाई की गई है। बताया जा रहा है कि गांव खेड़ी राजपूताना निवासी किसान रात को अपने परिवार के साथ घर में सो रहा था। इसी दौरान देर रात्रि अंधेरे का फायदा उठाते हुए अज्ञात चोर उसके घर में घुस आए और आंगन में बंधे बछड़े को खोलकर आराम से ले गए। सुबह जब किसान की नींद खुली तो उसने बछड़ा गायब देखा, जिसके बाद परिवार में हड़कंप मच गया।
पीड़ित किसान ने आसपास तलाश की, लेकिन बछड़े का कहीं पता नहीं चला। इसके बाद घर में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज देखी गई तो उसमें साफ दिखाई दे रहा है कि दो लोग देर रात घर में बछड़े को खोलकर ले जाते हैं। पीड़ित किसान का कहना है कि उसने घटना की लिखित तहरीर खतौली कोतवाली पुलिस को दे दी है, लेकिन कई दिन बीत जाने के बाद भी पुलिस ने अभी तक न तो मुकदमा दर्ज किया है और न ही चोरों की तलाश के लिए कोई ठोस कदम उठाया है। घटना के बाद गांव में रोष का माहौल है। ग्रामीणों का कहना है कि अगर पुलिस समय रहते कार्रवाई नहीं करती है तो चोरों के हौसले और बुलंद होंगे। ग्रामीणों ने पुलिस प्रशासन से मांग की है कि सीसीटीवी फुटेज के आधार पर जल्द से जल्द चोरों को गिरफ्तार कर चोरी हुए बछड़े को बरामद किया जाए। इस घटना ने एक बार फिर गांवों में सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। ग्रामीणों का कहना है कि रात के समय पुलिस गश्त न होने के कारण चोर बेखौफ होकर वारदातों को अंजाम दे रहे हैं।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Verified by MonsterInsights