रक्षा मंत्री एवं भारतीय जनता पार्टी (BJP) के वरिष्ठ नेता राजनाथ सिंह ने आरोप लगाया है कि कांग्रेस और राष्ट्रीय जनता दल (राजद) जैसे दलों का सत्ता में बने रहना ही उद्देश्य है। राजनाथ सिंह ने बुधवार को यहां प्रदेश भाजपा कार्यसमिति की बैठक में कांग्रेस और राजद को निशाने पर लेते हुए कहा कि कांग्रेस और राजद जैसी पार्टियों का एक ही उद्देश्य है, सत्ता में बने रहना, जबकि भाजपा का उद्देश्य भारत के हर नागरिक के लिए सम्मानजनक जीवन सुनिश्चित करना है, ऐसी नीतियां बनाना है, जिनमें समाज के हर वर्ग का विकास हो। सभी को आत्मसम्मान के साथ जीने का अधिकार मिले, यह भी हमारी सरकार ने ही किया है।
राजग की सरकार के कार्यकाल में बिहार में बड़े बदलाव हुए-
राजनाथ सिंह (Rajnath Singh) ने कहा कि हम सभी भारत की अर्थव्यवस्था को दुनिया की तीसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बनाने के लिए प्रयासरत हैं। केन्द्रीय मंत्री ने इस साल होने वाले चुनाव में फिर राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) की दो तिहाई बहुमत से सरकार बनने का दावा करते हुए कहा कि राजग की सरकार के कार्यकाल में बिहार में बड़े बदलाव हुए हैं। उन्होंने कहा कि इसमें कोई शक नहीं है कि बिहार विकसित राज्य बनेगा। उन्होंने कहा कि सबसे बड़ी बात है कि बिहार के चाहे मुख्यमंत्री हों, उप मुख्यमंत्री हों या मंत्री, किसी पर भ्रष्टाचार का कोई दाग नहीं है। उन्होंने कहा कि जब विपक्ष नफरत की राजनीति करती है, जबकि भाजपा सेवा और विकास की राजनीति करती है। उन्होंने कहा कि हर कार्यकर्ता का फर्ज है कि वह हर घर तक पहुंचे और मोदी सरकार की योजनाओं और उपलब्धियों की जानकारी दे। हमें लोगों को यकीन दिलाना है कि यदि कोई बिहार का खोया गौरव लौटा सकता है, तो वह भाजपा और राजग है। केन्द्रीय मंत्री ने कहा कि भाजपा आज दुनिया की सबसे बड़ी राजनीतिक पार्टी है और इसका मकसद सिर्फ सरकार चलाना नहीं, बल्कि समाज को जोड़ना और हर व्यक्ति की गरिमा को बनाये रखना है।
बिहार अपने अतीत से सीखे और…
BJP के वरिष्ठ नेता ने कहा कि भाजपा में हर कार्यकर्ता सेवा भाव से ही काम करता है, चाहे वह किसी भी पद पर क्यों न बैठा हुआ हो। यही हमारी पार्टी की मजबूती का आधार है, जिसका परिणाम यह हुआ है कि भारतीय जनता पार्टी पूरी दुनिया की सबसे बड़ी राजनीतिक पार्टी के रूप में स्थापित हो चुकी है। सिंह ने कहा कि यह केवल एक संगठन की बैठक मात्र नहीं है, बल्कि एक संकल्प सभा है, उस संकल्प की सिद्धि के लिए जो बिहार और भारत दोनों को नयी ऊंचाइयों पर ले जाने के लिए हमें लेना है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बीते 11 वर्षों में यह सिद्ध किया है कि भारत बदल सकता है और भारत आगे बढ़ सकता है, बशर्ते नेतृत्व सुदृढ़ हो, नीयत साफ हो, नीति स्पष्ट हो और राष्ट्रहित सर्वोपरि रखा जाये। उन्होंने कहा कि आज भाजपा का संकल्प केवल सत्ता प्राप्ति नहीं है, यह उस ऐतिहासिक अन्याय का प्रतिकार है, जिसे बिहार ने दशकों तक झेला है। अब समय आ गया है कि बिहार अपने अतीत से सीखे और उस उम्मीद को फिर से जिये जिसका वह हकदार है। बिहार और बिहार के लोग विकास और सुशासन के भागीदार बनें।
