अभिनेत्री करिश्मा कपूर की बेटी ने शुक्रवार को दिल्ली उच्च न्यायालय में दावा किया कि वह एक अमेरिकी विश्वविद्यालय में पढ़ रही हैं और उनकी दो महीने की फीस का भुगतान नहीं किया गया है।

यह दावा न्यायमूर्ति ज्योति सिंह के समक्ष किया गया, जिन्होंने कहा कि वह नहीं चाहतीं कि यह सुनवाई ‘‘नाटकीय’’ हो। उन्होंने दिवंगत संजय कपूर की पत्नी प्रिया कपूर के वकील से कहा कि वह सुनिश्चित करें कि इस तरह के मुद्दों पर ध्यान दिया जाए और उसे फिर से अदालत में न लाया जाए।

अदालत करिश्मा कपूर के बच्चों – समायरा कपूर और उनके भाई – की याचिका पर सुनवाई कर रही थी, जिसमें उनके दिवंगत पिता संजय कपूर की कथित तौर पर 30,000 करोड़ रुपये की संपत्ति की वसीयत को चुनौती दी गई है।

सुनवाई के दौरान, अभिनेत्री के बच्चों का प्रतिनिधित्व कर रहे वरिष्ठ अधिवक्ता महेश जेठमलानी ने कहा कि समायरा एक अमेरिकी विश्वविद्यालय में पढ़ रही हैं और उनकी फीस दो महीने से नहीं दी गई है और वैवाहिक आदेश के तहत, संजय कपूर को बच्चों की पढ़ाई और खर्च का भुगतान करना था।

उन्होंने कहा, ‘‘बच्चों की संपत्ति प्रतिवादी संख्या 1 (प्रिया कपूर) के पास है। इसलिए, यह उनकी जिम्मेदारी है। अमेरिका में पढ़ रही बेटी (समायरा) की दो महीने की फीस का भुगतान नहीं किया गया है।’’

हालांकि, प्रिया कपूर की ओर से पेश वरिष्ठ अधिवक्ता राजीव नायर ने इस दावे को मनगढ़ंत और निराधार बताया और कहा कि उन्होंने लगातार बच्चों की जरूरतों का ध्यान रखा है और उनकी फीस पहले ही चुका दी गई है।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Verified by MonsterInsights