महान एयर का एक विमान 256 भारतीय छात्रों को लेकर शनिवार को दिल्ली हवाई अड्डा पर सुरक्षित उतरा, जिससे उनकेंिचतित परिजनों को काफी राहत मिली है। इन छात्रों में ज्यादातर कश्मीर घाटी से हैं।

जम्मू कश्मीर स्टूडेंट्स एसोसिएशन ने एक बयान में कहा, ‘‘ईरानी अधिकारियों के साथ समय पर समन्वय और प्रयासों के लिए भारत सरकार को धन्यवाद। हम शेष छात्रों, विशेष रूप से दूरदराज के क्षेत्रों के छात्रों की सुरक्षित निकासी सुनिश्चित करने के लिए प्रतिबद्ध हैं।’’

एसोसिएशन ने यह भी पुष्टि की कि भारतीय छात्रों को लेकर एक और उड़ान के रात 11:30 बजे के आसपास राष्ट्रीय राजधानी में पहुंचने की उम्मीद है। ‘ऑपरेशन सिंधु’ के तहत 24 घंटे के भीतर ईरान से भारतीयों को वापस लाने वाली यह दूसरी उड़ान थी।

ईरान के मशहद से एक और उड़ान शुक्रवार देर रात दिल्ली पहुंची थी। इसमें 290 भारतीय छात्र सवार थे, जिनमें से ज्यादातर जम्मू कश्मीर से हैं।

भारतीय अधिकारियों ने अपने ईरानी समकक्षों के साथ समन्वय करके तेहरान में फंसे छात्रों को मशहद तक पहुंचाने में सहायता प्रदान की, ताकि वे वहां से अपनी उड़ान पकड़ सकें। ईरान ने भी निकासी में सहायता के लिए विशेष कदम उठाते हुए अपना हवाई क्षेत्र खोला।

कुल मिलाकर, लगभग 1,000 भारतीय नागरिकों को विशेष उड़ानों के जरिये स्वदेश लाया जा रहा है। दो अतिरिक्त उड़ानें भी पहुंचने वाली हैं। 

ईरान और इजरायल के बीच चल रहे संघर्ष के बीच, भारत ईरान से अपने सभी नागरिकों को निकाल रहा है। भारतीय दूतावास ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में आपातकालीन संपर्क नंबर और एक टेलीग्राम चैनल का लिंक प्रदान किया। 

पोस्ट में कहा गया है, ‘‘भारतीय दूतावास ईरान से सभी भारतीय नागरिकों को निकाल रहा है।

दूतावास से टेलीग्राम चैनल या आपातकालीन संपर्क नंबरों 989010144557, 989128109115, 989128109109 पर संपर्क किया जा सकता है।’’ 

एक अन्य पोस्ट में, दूतावास ने कहा कि वह नेपाल और श्रीलंका के नागरिकों को भी निकालने का प्रयास कर रहा है। 

पोस्ट में कहा गया है कि नेपाल और श्रीलंका की सरकारों के अनुरोध पर इन दोनों देशों के नागरिकों को निकालने के प्रयास भी किए जा रहे हैं।

पोस्ट में कहा गया है, ‘‘नेपाल और श्रीलंका के नागरिक तत्काल टेलीग्राम चैनल या आपातकालीन नंबर 989010144557; 989128109115; 989128109109 पर दूतावास से संपर्क कर सकते हैं।’’

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Verified by MonsterInsights