हापुड़ जिले के थाना बाबूगढ़ क्षेत्र से एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है। जहां एक ऑटो चालक अपने सवारियों को लेकर गंतव्य की ओर जा रहा था, तभी अचानक ऑटो के अंदर पीछे वाली सीट से एक बड़ा अजगर निकल आया। इस डरावने नजारे को देख सवारियों में चीख-पुकार मच गई। घबराकर ऑटो चालक ने हाइवे पर ऑटो रोक दिया और सभी सवारियों को तुरंत बाहर निकलने को कहा।
अजगर देख ऑटो चालक की निकली चीख, पुलिस को दी सूचना
सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक, ऑटो चालक रवींद्र ने बताया कि वह बाबूगढ़ छावनी के पास मिस्त्री की दुकान पर गया था। वापस आते समय जैसे ही ऑटो स्टार्ट किया और कुछ मीटर आगे बढ़ा, तब अचानक अंदर अजगर दिखा। उनकी चीख निकल गई और उन्होंने तुरंत पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस और वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची।
वन विभाग ने किया अजगर का सफल रेस्क्यू
बताया जा रहा है कि वन विभाग की टीम ने तुरंत कार्रवाई करते हुए ऑटो में बैठे अजगर को सुरक्षित रेस्क्यू कर लिया। वन विभाग ने बताया कि अजगर ने किसी सवारी को हमला नहीं किया, इसलिए बड़ी दुर्घटना होने से बच गई। सभी सवारियों ने राहत की सांस ली और बताया कि अजगर देख वे बेहद डरे हुए थे।
