सहारनपुर(मनीष अग्रवाल)। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक, सहारनपुर डॉ विपिन ताडा द्वारा आज शुक्रवार को होने वाली जुमे की नमाज को लेकर सभी पक्षों से लगातार वार्ता की गई और बताया कि सौहार्दपूर्ण वातावरण है। इस दौरान गणमान्य व्यक्तियों व व्यापारी वर्ग से भी वार्ता की गयी। एसएसपी ने बताया कि सभी पुलिस अधिकारियों को अलग-2 क्षेत्र बांटा गया है, और पुलिस के अधिकारी लगातार भ्रमणशील है। ज्ञानवापी परिसर के व्यासजी के तहखाने में पूजा का अधिकार हिंदू पक्ष को मिलने के बाद दूसरे जुमे की नमाज को लेकर शुक्रवार को सुबह से पुलिस अलर्ट मोड में है। पुलिस अधिकारियों के निर्देशन पर सभी पुलिसकर्मी सतर्कता बरत रहे हैं। अधिकारी भी सुबह से गश्त कर रहे। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक एवं पुलिस अधीक्षक नगर द्वारा भारी पुलिस फोर्स को साथ कई बाजारों व चौक पर पैदल भ्रमण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। वहीं सुरक्षा व्यवस्था में तैनात अधिकारियों एवं पुलिसकर्मियों को आवश्यक निर्देश भी दिए गए।
