भारतीय वायुसेना का सुखोई लड़ाकू विमान असम में क्रैश हो गया था। हादसे में पायलट बुरी तरह जख्मी हो गए थे, जिनकी अब मौत हो गई है। बचाव दल ने क्रैश हुए विमान का मलबा और बलिदान जवानों के पार्थिव शरीर बरामद कर लिए हैं। इंडियन एयरफोर्स ने अपने X हैंडल पर पोस्ट लिखकर हादसे की जानकारी दी। हादसे में बलिदान जवानों के बारे में बताया और हादसे पर शोक जताते हुए शोक संतप्त परिवारों से संवेदना जताई।
सोशल मीडिया पोस्ट में हादसे की जानकारी
भारतीय वायुसेना ने पोस्ट में लिखा कि Su-30MKI फाइटर जेट ट्रेनिंग मिशन पर निकला था, जो असम में क्रैश होकर गिर गया। कार्बी आंगलोंग इलाके में पहाड़ी के ऊपर संपर्क टूटने पर विमान लापता हुआ था, जिसका मलबा मिल गया है। हादसे में भारतीय वायुसेना ने स्क्वाड्रन लीडर अनुज और फ्लाइट लेफ्टिनेंट पूर्वेश दुरागकर को खो दिया। भारतीय वायुसेना दोनों बलिदान जवानों के परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त करती है। दुख की घड़ी में शोक संतप्त परिवार के साथ मजबूती से खड़ी है। दोनों जवानों का राजकीय सम्मान के साथ अंतिम संस्कार किया जाएगा।
गांववालों की मदद से हादसास्थल पर पहुंचे
वायुसेना के अनुसार, ट्रेनिंग पर निकले विमान ने गुरुवार शाम को जोरहाद एयरबेस से उड़ान भरी थी, लेकिन रात करीब 7:42 बजे पहाड़ी के ऊपर कंट्रोल रूम से विमान का संपर्क टूट गया। इसके बाद विमान से कॉन्टैक्ट नहीं हुआ। वायुसेना के बचाव दल ने सर्च ऑपरेशन शुरू किया तो पता चला कि पता चला कि विमान क्रैश हो गया है। शुक्रवार को अलसुबह वायु सेना की सर्च और रेस्क्यू टीम, सिविल और पुलिस प्रशासन के साथ गांववालों की मदद से हादसास्थल पर पहुंची।
लोगों ने धमाका सुना, आग की लपटें देखीं
गांववालों ने बताया कि उन्होंने पहाड़ी के ऊपर जोरदार धमाके की आवाज सुनी और आग की लपटें उठती देखीं। थोड़ी देर बार न्यूज से पता चला कि विमान लापता हुआ है। जहां आग की लपटें और काला धुंआ देखा, वह जगह बस्ती से काफी दूर है। पुलिस को मामले की जानकारी दी। फिर कुछ लोग आए, जिन्होंने कहा कि पहाड़ी तक जाना है, रास्ता बता दो।
