उत्तर प्रदेश में मानसून ने एक बार फिर रफ्तार पकड़ ली है। हालांकि अभी भी कई जिलों में लोग उमस और गर्मी से परेशान हैं, लेकिन आने वाले दिनों में उन्हें बारिश से राहत मिल सकती है। मौसम विभाग (IMD) ने अपने ताजा पूर्वानुमान में कई जिलों में बारिश और गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ने की संभावना जताई है।
15 सितंबर से बारिश की शुरुआत
आईएमडी के अनुसार 15 सितंबर को पश्चिमी उत्तर प्रदेश के कुछ हिस्सों में बारिश और गरज-चमक हो सकती है। पूर्वी उत्तर प्रदेश के कई ज़िलों में बारिश के साथ बिजली गिरने (वज्रपात) की भी संभावना है। ये स्थिति पूरे हफ्ते तक बनी रह सकती है।
पूर्वी यूपी के लिए येलो अलर्ट जारी
पश्चिमी उत्तर प्रदेश के लिए इस हफ्ते कोई चेतावनी नहीं दी गई है। लेकिन पूर्वी यूपी के जिलों के लिए मौसम विभाग ने येलो अलर्ट जारी किया है। यहां बिजली गिरने (वज्रपात) और कहीं-कहीं भारी बारिश की आशंका है। येलो अलर्ट का मतलब होता है – सावधानी बरतने की जरूरत है। मौसम खतरनाक हो सकता है।
तापमान में गिरावट की संभावना
आईएमडी के मुताबिक अगले 5 दिनों तक अधिकतम तापमान में 4 से 5 डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट आ सकती है। इसके बाद तापमान में धीरे-धीरे फिर से बढ़ोतरी हो सकती है। न्यूनतम तापमान में कोई खास बदलाव नहीं होगा।
