झारखंड के जमशेदपुर से एक सनसनीखेज वारदात की खबर सामने आई है। यहां अपराधियों ने सोमवार रात एक शख्स की गोली मारकर हत्या कर दी।
जानकारी के मुताबिक, वारदात गालूडीह थाना क्षेत्र के खड़िकालोनी स्थित एक प्रज्ञा केंद्र की है। मृतक की पहचान उपमुखिया आशारानी महतो के पति तारापद महतो के रूप में हुई है। तारापद महतो पिछले दो वर्षों से खड़िकालोनी में प्रज्ञा केंद्र चला रहे थे। वहीं सोमवार रात को आठ बजे ऑनलाइन पैसे निकालने के लिए प्रज्ञा केंद्र पर लोगों की भीड़ जमा थी। तभी बाइक पर सवार होकर दो नकाबपोश अपराधी आए। पहले उनका परिचय लिया। इसके बाद तारापद महतो को दो गोलियां मारी। मौके पर ही तारापद महतो ने दम तोड़ दिया। वारदात को अंजाम दे दोनों बाइक सवार अपराधी मौके से भाग गए।
वहीं घटना की जानकारी पर तुरंत पुलिस मौके पर पहुंची। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। फिलहाल पुलिस मामले की छानबीन करने में जुट गई।
