मुजफ्फरनगर। एस०डी०पब्लिक स्कूल में अन्तर्राष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर एक भव्य, प्रेरणादायक एवं उत्साहपूर्ण कार्यक्रम का आयोजन बड़े हर्षोल्लास के साथ किया गया। कार्यक्रम की मुख्य अतिथि नगर पालिका अध्यक्ष मीनाक्षी स्वरूप रहीं। विशेष अतिथियों के रूप में पल्लवी स्वरूप तथा नीलम महाना उपस्थित रही। विद्यालय परिवार की ओर से सभी अतिथियों का पुष्पगुच्छ एवं स्मृति चिन्ह भेंट कर हार्दिक स्वागत किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ खेल ध्वज फहराने एवं शपथग्रहण के साथ हुआ, जिसमें महिला प्रतिभागियों ने खेल भावना और अनुशासन के साथ प्रतियोगिताओं में भाग लेने का संकल्प लिया। इसके पश्चात् विद्यालय के खेल शिक्षकों की टीम द्वारा विभिन्न खेल प्रतियोगिताएँ कराई गई। जिनमें महिला प्रतिभागियों ने पूरे उत्साह और खेल भावना के साथ भाग लिया। इस अवसर पर विद्यालय की शिक्षिकाओं द्वारा आकर्षक ड्रिल प्रस्तुत की गई, जिसने उपस्थित सभी अतिथियों और दर्शकों का मनमोह लिया। इसी क्रम में विद्यालय की डायरेक्टर चंचल सक्सेना ने अपने प्रेरणादायक संबोधन में महिला सशक्तिकरण के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि महिलाएँ समाज की वास्तविक शक्ति हैं और उनके बिना किसी भी समाज की प्रगति संभव नहीं है। उन्होंने कहा आज की महिला हर क्षेत्र में अपनी प्रतिभा और क्षमता का परिचय दे रही हैं। उन्होंने सभी महिलाओं को अन्तर्राष्ट्रीय महिला दिवस की बधाई देते हुए सभी को आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ने, शिक्षा को जीवन का आधार बनाने तथा समाज में अपनी सशक्त भूमिका निभाने के लिए प्रेरित किया। कार्यक्रम के अन्तर्गत विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं जैसे शतरंज, खो-खो, सेवन स्टोन्स, शटल रिले रेस तथा अन्य मनोरंजक खेलों का आयोजन किया गया। इसके अतिरिक्त शिक्षिकाओं द्वारा प्रस्तुत समूह गीत तथा लेजी डांस’ ने कार्यक्रम में चार चाँद लगा दिये। विशेष रूप से विद्यालय के बच्चों की माताओं ने कार्यक्रम में बढ़-चढ़कर भाग लिया और खेल प्रतियोगिताओं का आनंद उठाया। कार्यक्रम में आगे आयोजित टग ऑफ वार प्रतियोगिता ने सभी में जोश और रोमांच भर दिया तथा दर्शकों की तालियों ने प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन किया। इस अवसर पर मोनिका को सर्वाधिक खेल उपलब्धियाँ प्राप्त करने के लिए ट्रॉफी एवं स्मृति-चिन्ह देकर सम्मानित किया गया। मुख्य अतिथि मीनाक्षी स्वरूप ने सभी को अन्तर्राष्ट्रीय दिवस की हार्दिक शुभकमानाएँ दी तथा कहा कि महिलाओं को शिक्षा और आत्मनिर्भरता के माध्यम से समाज में अपनी सशक्त पहचान बनानी चाहिए। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन महिलाओं को आगे बढ़ने और अपनी प्रतिभा को प्रदर्शित करने के लिए प्रेरित करते हैं। अंत में विद्यालय की प्रधानाचार्या भारती तिवारी ने सभी अतिथियों, प्रतिभागियों एवं अभिभावकों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि ऐसे कार्यक्रम महिलाओं के आत्मविश्वास और प्रतिभा को निखारने का महत्वपूर्ण माध्यम होते है। उन्होंने सभी को अन्तर्राष्ट्रीय महिला दिवस की शुभकामनाएँ देते हुए समाज में महिलाओं के सम्मान, समानता और सशक्तिकरण को बढ़ावा देने का संदेश दिया। कार्यक्रम को सफल बनाने में जूनियर विंग इंचार्ज डॉ० रचना जैन, मिडिल विंग इंचार्ज गीता मित्तल, एक्टिविटी इंचार्ज प्रियंका सचदेवा, सुप्रीत कौर, रीतु सैनी, सुश्री हुमा शमीम, मिलि मित्तल तथा समस्त शिक्षिकाओं का विशेष योगदान रहा।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Verified by MonsterInsights