उत्तराखंड के उत्तरकाशी में आज सुबह दो बार भूकंप के झटके महसूस किए गए हैं। जानकारी के मुताबिक, पहला झटका सुबह 7:41 मिनट पर आया, जबकि दूसरा झटका 8:19 मिनट पर आया। भूकंप के झटके की गहराई 5 किलोमीटर बताई जा रही है।
भूकंप के झटके महसूस होते ही लोग डर के मारे अपने घरों से बाहर निकल आए। राष्ट्रीय भूकंप विज्ञान केंद्र की रिपोर्ट के मुताबिक, भूकंप की तीव्रता 3.5 रिक्टर और गहराई 5 किलोमीटर थी। हालांकि, खबर लिखे जाने तक भूकंप से किसी प्रकार के नुकसान की जानकारी सामने नहीं आई है।
उत्तरकाशी के मोरी में पहले भी भूकंप के झटके महसूस किए गए थे। पिछले साल 6 सितंबर 2024 को यहां भूकंप आया था, जिसका केंद्र बिंदु सिंगतुर वन क्षेत्र, उत्तरकाशी-हिमाचल बॉर्डर था। भूकंप की तीव्रता रिक्टर पैमाने पर 3 थी, और इसकी गहराई 5 किलोमीटर बताई गई थी।