उत्तर प्रदेश के बरेली में आवारा पशुओं का आतंक थमने का नाम नहीं ले रहा है। बरेली की नवाबगंज तहसील से एक दर्दनाक हादसे में भाजपा विधायक डॉ. एमपी आर्य के करीबी 65 वर्षीय सर्राफा व्यापारी ब्रजपाल गंगवार की जान चली गई। घटना तब हुई जब वो बाइक से कहीं जा रहे थे। रास्ते में अचानक एक आवारा सांड ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि ब्रजपाल गंगवार दूर जाकर गिरे और गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें आनन-फानन में अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।

मौत से परिवार में मचा कोहराम 
ब्रजपाल गंगवार की मौत की खबर सुनते ही परिवार में कोहराम मच गया। पत्नी और बच्चों का रो-रोकर बुरा हाल है। परिजन सरकार से सवाल पूछ रहे हैं कि जब प्रदेश के पशुधन मंत्री धर्मपाल सिंह खुद बरेली जिले से हैं, तो फिर आवारा पशुओं की समस्या क्यों नहीं सुलझ रही ? लोगों में प्रशासन के प्रति आक्रोश दिखाई दे रहा है।

भाजपा विधायक ने जताया शोक 
भाजपा विधायक डॉ. एमपी आर्य ने व्यापारी की मौत पर गहरा शोक जताया। उन्होंने कहा, “ब्रजपाल गंगवार हमारे बेहद करीबी थे। यह घटना बेहद दुखद है। भगवान उनके परिवार को इस दुख को सहने की शक्ति दे।” विधायक ने स्वीकार किया कि नवाबगंज सहित पूरे क्षेत्र में आवारा पशुओं का आतंक बढ़ता जा रहा है और इस पर तत्काल कार्यवाही की जरूरत है।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Verified by MonsterInsights