देश के नवनिर्वाचित उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन आज, शुक्रवार को शपथ लेंगे। राष्ट्रपति भवन में देश की राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु राधाकृष्णन को सुबह करीब 10 बजे एक भव्य समारोह में शपथ दिलाएंगी। बता दें कि 9 सितंबर को उपराष्ट्रपति पद के लिए वोटिंग हुई, राधाकृष्णन ने 152 मतों के अंतर से चुनाव जीता था। आज वो देश अगले उपराष्ट्रपति पद की शपथ लेने जा रहे हैं। समारोह में पूर्व राष्ट्रपति जगदीप धनखड़ भी शामिल हो सकते हैं।
शपथ ग्रहण समारोह में शामिल होने के लिए कई प्रमुख नेताओं को निमंत्रण दिया गया है। कई राज्यों के मुख्यमंत्री भी समारोह में शामिल होने के लिए राष्ट्रीय राजधानी पहुंच चुके हैं। इनमें ओडिशा के मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी, कर्नाटक के राज्यपाल थावरचंद गहलोत, आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री एन. चंद्रबाबू नायडू, पंजाब के राज्यपाल गुलाब चंद कटारिया, झारखंड के राज्यपाल संतोष गंगवार और मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव शामिल हैं।
जगदीप धनखड़ भी समारोह में हो सकते हैं शामिल
सूत्रों के अनुसार, पूर्व उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ भी समारोह में मौजूद हो सकते हैं। हालांकि, कांग्रेस नेता राहुल गांधी गुजरात दौरे के कारण समारोह में शामिल नहीं होंगे, लेकिन कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे मौजूद रहेंगे। बता दें कि जगदीप धनखड़ अपने कार्यकाल से हटने के बाद पहली बार सार्वजनिक बयान में राधाकृष्णन को बधाई दी थी। धनखड़ ने यह भी कहा था कि राधाकृष्णन के सार्वजनिक जीवन का अनुभव उपराष्ट्रपति पद को और गरिमा प्रदान करेगा।
इतने मतों से जीता था उपराष्ट्रपति चुनाव
चुनाव जीतने के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने राधाकृष्णन से मुलाकात कर उन्हें बधाई दी थी। जगदीप धनखड़ ने 21 जुलाई को स्वास्थ्य कारणों से उपराष्ट्रपति पद से इस्तीफा दे दिया था। इसके बाद राधाकृष्णन ने मंगलवार, 9 सितंबर को हुए उपराष्ट्रपति चुनाव में इंडिया गठबंधन के उम्मीदवार बी सुदर्शन रेड्डी को 152 मतों से हराकर जीत हासिल की थी। उपराष्ट्रपति चुनाव में कुल 788 सांसदों में से 767 ने मतदान किया था। सीपी राधाकृष्णन (चंद्रपुरम पोन्नुसामी राधाकृष्णन) को कुल 452 वोट मिले थे जबकि बी सुदर्शन रेड्डी को 300 वोट मिले थे। 67 वर्षीय राधाकृष्णन इससे पहले महाराष्ट्र के राज्यपाल के रूप में कार्यरत थे।
कई पदों पर निभाई है अहम जिम्मेदारी
सीपी राधाकृष्णन का जन्म 4 मई, 1957 को तमिलनाडु के तिरुपुर में हुआ था। उन्होंने बिजनेस एडमिनिस्ट्रेशन में स्नातक की डिग्री प्राप्त की है। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के स्वयंसेवक के रूप में करियर की शुरुआत करने के बाद, वे 1974 में भारतीय जनसंघ की राज्य कार्यकारिणी के सदस्य बने। 1996 में, सीपी राधाकृष्णन को तमिलनाडु भाजपा का सचिव नियुक्त किया गया। 1998 में वे पहली बार कोयंबटूर से लोकसभा के लिए चुने गए। 1999 में वे पुनः लोकसभा के लिए चुने गए। 2004 से 2007 के बीच, सीपी राधाकृष्णन तमिलनाडु भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष रहे।
