उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शुक्रवार को कहा कि आगामी पर्व और त्योहारों को लोग हर्ष उल्लास के साथ मनाएं और इस दौरान जनता की सुरक्षा एवं सुविधा का पूरा ध्यान रखा जाए। एक आधिकारिक बयान में यह जानकारी दी गई।

मुख्यमंत्री ने शुक्रवार को उच्चस्तरीय बैठक में आगामी पर्व-त्योहारों के सुचारु आयोजन, स्वच्छता, बेहतर कानून व्यवस्था आदि महत्वपूर्ण विषयों के संबंध में शासन-प्रशासन के अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

बैठक में वीडियो कांफ्रेंसि के माध्यम से समस्त मंडलायुक्त, जिलाधिकारी, अपर पुलिस महानिदेशक (ज़ोन), समस्त पुलिस आयुक्त, पुलिस महानिरीक्षक, पुलिस उप महानिरीक्षक आदि वरिष्ठ अधिकारियों की सहभागिता रही।

बैठक में मुख्यमंत्री ने सभी अपर मुख्य सचिव/प्रमुख सचिव से त्योहारों के दृष्टिगत उनकी विभागीय तैयारियों के बारे में जानकारी प्राप्त की। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार का मिशन शक्ति कार्यक्रम नारी सुरक्षा, सम्मान व स्वावलंबन को व्यक्त करता है।

शारदीय नवरात्र के प्रथम दिन आगामी 22 सितंबर से प्रदेशव्यापी ‘मिशन शक्ति 5.0’ की शुरुआत होगी। चरणबद्ध रूप से यह अभियान एक माह तक चलेगा। उन्होंने कहा कि इसके लिए सभी संबंधित विभाग तैयारियां सुनिश्चित करें। आदित्यनाथ ने कहा कि लोगों को जागरूक करने के लिए 21 सितंबर को महिला पुलिसकार्मिकों द्वारा हर जनपद में एक बाइक रैली निकाली जाए।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Verified by MonsterInsights