पाकिस्तान के तेज गेंदबाज हारिस रऊफ का एक वीडियो सोशल मीडिया पर खूब सुर्खियां बटोर रहा है जिसमें वह पीएसएल ट्रॉफी के साथ वाघा बॉर्डर पहुंचे। इस घटना का वीडियो पाकिस्तान सुपर लीग की फ्रेंचाइजी लाहौर कलंदर्स ने खुद अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर पोस्ट किया है। हारिस रऊफ पाकिस्तान दिवस के खास मौके पर वाघा बॉर्डर पहुंचे थे, इस दौरान उनके साथ पाकिस्तान के स्टार भाला फेंक एथलीट अरशद नदीम भी नजर आए। हालांकि इस वीडियो के वायरल होने के बाद भारतीय फैंस ने उन्हें जमकर ट्रोल किया।
बता दें, लाहौर कलंदर्स लगातार दूसरी बार शाहीन शाह अफरीदी की कप्तानी में पाकिस्तान सुपर लीग का खिताब जीतने में सफल रही है। फाइनल मुकाबले में उन्होंने मुल्तान सुल्तान पर 1 रन से रोमांचक जीत दर्ज की थी।
लाहौर कलंदर्स ने हारिस रऊफ के इस वीडियो को पोस्ट करते हुए लिखा ‘हारिस रऊफ वाघा बॉर्डर पर पीएसएल 8 ट्रॉफी लेकर आए’, इसके अलावा भी इस फ्रेंचाइजी ने इस घटना की कई तस्वीरें और वीडियो सोशल मीडिया पर पोस्ट किए।
भारतीय फैंस ने इस दौरान उन्हें जमकर ट्रोल किया। एक फैन ने लिखा ‘ये क्या जीत लिया.. इंडिया में इससे ज्यादा पैसा तो लोकल मैच पर लग जाते हैं’, वहीं एक फैन ने कहा ‘आईपीएल का नाम सुना है?’
पाकिस्तान सुपर लीग (पीएसएल) 2023 का फाइनल मुकाबला लाहौर कलंदर्स और मुल्तान सुल्तान्स के बीच खेला गया था। लाहौर ने सांसे रोक देने वाले मैच में मुल्तान को एक रन से मात दी। फाइनल का नतीजा अंतिम गेंद पर निकला था। शाहीन अफरीदी की लाहौर कलंदर्स ने खिताबी मुकाबले में 200/6 का स्कोर बनाया था। लक्ष्य का पीछा करते हुए मोहम्मद रिजवान की अगुवाई वाली मुल्तान टीम निर्धारित 20 ओवर में 8 विकेट गंवाकर 199 रन ही जुटा सकी थी।
मुल्तान को आखिरी ओवर में जीत के लिए 13 रन चाहिए थे लेकिन लाहौर के गेंदबाज जमान खान ने केवल 11 रन खर्च किए। अंतिम गेंद पर 4 रन की जरूरत थी मगर खुशदिल शाह (25) दौड़कर 2 रन ही कंप्लीट कर पाए और रनआउट हो गए। लाहौर पीएसएल में खिताब का बचाव करने वाली पहली टीम है। बता दें कि लाहौर ने इस जीत के साथ एक खास क्लब में एंट्री कर ली है। लाहौर टी20 क्रिकेट लीग के फाइनल में अंतिम गेंद पर एक रन से जीत हासिल करने वाली चौथी टीम बन गई है।
