मुज़फ्फरनगर। मुज़फ्फरनगर पुलिस ने अपराधियों पर शिकंजा कसते हुए गुरुवार रात बड़ी सफलता हासिल की। ककरौली पुलिस ने लूट और छिनैती की वारदातों को अंजाम देने वाले दो शातिर बदमाशों को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। मुठभेड़ में एक बदमाश गोली लगने से घायल हुआ। पुलिस ने मौके से नकदी, मोबाइल, एटीएम कार्ड, आधार कार्ड और अवैध तमंचा बरामद किया है। एसपी देहात आदित्य बंसल ने प्रेस वार्ता कर बताया कि 19 अगस्त 2025 को वादी अमरजीत पुत्र सुखबीर सिंह निवासी ग्राम चौलियावाला ने थाना ककरौली में शिकायत दर्ज कराई थी। उसने आरोप लगाया था कि जब वह कार से अपने गांव जा रहा था तभी दो बदमाशों ने उसे रोककर पर 5500 रुपये नकद, मोबाइल फोन, एटीएम कार्ड और आधार कार्ड लूट लिए। इस शिकायत पर थाना ककरौली पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर तफ्तीश शुरू की।

तफ्तीश के दौरान पुलिस टीम को मुखबिर से सूचना मिली कि वही बदमाश क्षेत्र में फिर से वारदात की योजना बना रहे हैं। इस पर पुलिस ने घेराबंदी की तो बदमाशों ने फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में मोहित कुमार पुत्र नरेंद्र चौहान निवासी भुवापुर गोली लगने से घायल हो गया, जबकि उसका साथी चंदन पुत्र सुशील निवासी भुवापुर को दबोच लिया गया।
पुलिस ने बदमाशों के कब्जे से 3500 रुपये नकद, एक मोबाइल फोन, दो एटीएम कार्ड, एक आधार कार्ड, एक पैन कार्ड, एक तमंचा 315 बोर, एक खोखा और एक जिंदा कारतूस बरामद किया। एसपी देहात ने बताया कि गिरफ्तार अभियुक्त मोहित कुमार के खिलाफ पहले भी बलात्कार, पोक्सो एक्ट और चोरी जैसे गंभीर अपराधों में मुकदमे दर्ज हैं। वहीं चंदन पर भी पहले से लूट और छिनैती का मुकदमा दर्ज है। दोनों अपराधी क्षेत्र में लगातार वारदातों को अंजाम देकर दहशत फैलाते रहे हैं।

एसपी देहात ने गिरफ्तारी करने वाली टीम की सराहना करते हुए कहा कि अपराधियों के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है और पुलिस की यह कार्रवाई जनता को राहत देने वाली है।

गिरफ्तारी करने वाली टीम में प्रभारी निरीक्षक सुनील कुमार, एसआई संजीव कुमार, हेड कांस्टेबल अमरजीत, राहुल कुमार, सुभाष कुमार, सुरेंद्र कुमार, सुशील कुमार और हेड कांस्टेबल अश्वनी सिंह शामिल रहे।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Verified by MonsterInsights