यूपी के गोरखपुर जिले में हत्या की सनसनीखेज वारदात हुई है. चिलुआताल थाना क्षेत्र के बरगदवा निवासी राहुल चौहान (27 वर्ष) को शनिवार रात कुछ बदमाशों ने चाकू से गोद दिया. बताया जा रहा है कि पुरानी रंजिश के चलते आरोपियों ने इस वारदात को अंजाम दिया.

घात लगाए बदमाशों ने किया हमला

घटना उस समय हुई जब राहुल शनिवार देर शाम बरगदवा चौराहे से अपने घर लौट रहा था. रास्ते में राज मेडिकल स्टोर्स के पास पहले से घात लगाए बैठे दीपू उर्फ संदीप चौहान और उसके दो अज्ञात साथियों ने उसे घेर लिया. विवाद के दौरान गाली-गलौज हुई और तभी दीपू ने धारदार हथियार से राहुल पर ताबड़तोड़ वार कर दिए. राहुल लहूलुहान होकर सड़क पर गिर पड़ा.

सम्बंधित ख़बरें

गंभीर रूप से घायल राहुल को परिजनों ने आनन-फानन में बीआरडी मेडिकल कॉलेज पहुंचाया, लेकिन इलाज के दौरान देर रात उसकी मौत हो गई. मृतक के भाई अशोक चौहान की तहरीर पर पुलिस ने तीन लोगों के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज किया है.

मरने से पहले युवक ने बताए कातिलों के नाम

दरअसल राहुल पर हमला होने के बाद मौके पर मौजूद किसी व्यक्ति ने घायल राहुल का वीडियो बना लिया था. वीडियो में राहुल ने स्पष्ट रूप से अपने कातिल का नाम दीपू उर्फ संदीप चौहान बताया था. यह वीडियो उसकी मौत के बाद सोशल मीडिया पर वायरल हो गया.

पुलिस के अनुसार, यह घटना पुरानी रंजिश का नतीजा है. आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी जा रही है. वरिष्ठ अधिकारियों का कहना है कि वायरल वीडियो को भी सबूत के तौर पर लिया जाएगा और आरोपियों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी. इस घटना के बाद इलाके में तनाव का माहौल है. मृतक की पत्नी और परिवारजनों का रो-रोकर बुरा हाल है.

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Verified by MonsterInsights