भारत पर लगाए गए टैरिफ को लेकर अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने बड़ा ऐलान किया है. अमेरिका ने टैरिफ घटाकर 18 फीसदी कर दिया है. अमेरिका के इस ऐलान के बाद कांग्रेस की प्रतिक्रिया सामने आई है. विपक्ष ने इसे लेकर मोदी सरकार पर निशाना साधा है.
कांग्रेस ने मंगलवार (3 फरवरी) को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट कर कहा कि सीजफायर की तरह ट्रेड डील की घोषणा भी ट्रंप की ओर से की गई. ये बताया गया कि ‘मोदी की रिक्वेस्ट’ पर ट्रेड डील की जा रही है. पोस्ट में आगे कहा गया कि ट्रंप का कहना है कि भारत अमेरिका के ऊपर टैरिफ और नॉन टैरिफ बैरियर 0 फीसदी तक घटाएगा.
कांग्रेस ने उठाए सवाल
कांग्रेस ने इसे लेकर मोदी सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि मतलब आपने अमेरिका के लिए पूरा बाजार खोल दिया. इससे भारतीय इंडस्ट्री का जबरदस्त नुकसान होगा और यहां के व्यापारी, यहां के किसान, सबका साथ आपने छोड़ दिया है.
ट्रंप के बयान के बाद कांग्रेस की ओर से मोदी सरकार से पूछा गया कि कृषि क्षेत्र को अमेरिका के लिए खोलने की बात है, आखिर क्या सौदा हुआ है? हमारे किसानों के हितों का ध्यान रखा गया है या उनका साथ भी छोड़ दिया गया है? हमारे किसानों की सुरक्षा कैसे सुनिश्चित की जाएगी?
‘मेक इन इंडिया’ का क्या हुआ- कांग्रेस
इसके अलावा सरकार से ट्रंप के इस बयान पर भी सवाल किया गया कि मोदी रूस से तेल नहीं खरीदेंगे, अमेरिका और वेनेजुएला से तेल खरीदेंगे. क्या ट्रेड डील में मोदी सरकार रूस का साथ छोड़ने पर राजी हुई है? इसके अलावा अमेरिका से ज्यादा सामान खरीदने की बात भी कही है. अगर ऐसा है तो ‘मेक इन इंडिया’ का क्या हुआ?
कांग्रेस ने कहा कि ट्रेड डील में किन बिंदुओं पर बात हुई, क्या तय हुआ, ये बात देश को जानने का हक है. मोदी सरकार को इस बारे में सारी जानकारी देश और संसद से साझा करनी चाहिए.
