शुक्रवार सुबह सहारनपुर में बेहट रोड पर बड़ा हाद्सा हो गया। ट्रक ने सत्संग जा रहे श्रद्धालुओं से भरी ट्रैक्टर-ट्राली को टक्कर मार दी। टक्कर होते ही दुर्घटनास्थल चीख पुकारों से गूंज उठा। आनन-फानन में घायलों को क्षतिग्रस्त ट्राली से निकलवाकर अस्पताल पहुंचाया गया। इस दुर्घटना में दो लोगों की मौत हो गई। 12 से अधिक लोग घायल हैं जिन्हे अस्पताल भर्ती कराया गया है। ट्रक को पुलिस ने कब्जे में ले लिया है। शवों को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया जा रहा है।
ये सभी श्रद्धालु बेहट यूपी की प्रथम विधानसभा क्षेत्र बेहट के रहने वाले हैं। राधा स्वामी सत्संग ब्यास उपकेंद्र बेहट से ट्रैक्टर ट्राली ( संगत सेवा ) में श्रद्धालु सवार होकर पिलखनी स्थित बड़े केंद्र पर सेवा के लिए जा रहे थे। कोतवाली देहात क्षेत्र में घुन्ना के पास सामने से आ रहे एक ट्रक और ट्रैक्टर-ट्राली की सीधी टक्कर हुई। टक्कर लगते ही ट्रैक्टर सड़क किनारे खाई में जा गिरा। ट्रक चालक ने भागने की कोशिश की। आस-पास के लोग इकट्ठा हो गए और पुलिस को भी खबर कर दी गई। इसके बाद घायलों के बसनुमा ट्राली से निकलवाकर अस्पताल भिजवाया गया है। यहां चिकित्सकों ने दो श्रद्धालुओं के मृत घोषित कर दिया। अन्य का उपचार किया जा रहा है।
नगर विधायक राजीव गुंबर घायलों का हाल जानने के लिए जिला अस्पताल पहुंचे और घायलों का हाल जानने के साथ ही सीएमस से मिलकर सभी घायलों को बेहतर से बेहतर इलाज मुहैया कराने की बात कही। विधायक ने कहा कि श्रद्धालुओं के उपचार में किसी भी तरह की लापरवाही ना बरती जाए। गंभीर घायलों को पैनल की निगरानी में रखा जाए। अगर किसी भी घायल को हायर सेंटर भेजने की आवश्यकता होती है तो तुरंत व्यवस्था कराई जाए।
