लोकसभा चुनाव को लेकर राजनीतिक गलियारे में हलचल मची हुई है। कोई मुस्लिम मतदाताओं को रिझाने में लगा हुआ है तो कोई अनुसूचित वर्ग को साधने में लगा है। सभी दलों के दावेदार भी सियासी अखाड़े में उतरने के लिए कसरत कर रहे हैं, लेकिन सहारनपुर लोकसभा सीट पर जीत और हार का समीकरण गठबंधन प्रत्याशी की घोषणा के बाद सामने आएगा।
सहारनपुर लोकसभा सीट मुस्लिम बाहुल्य मानी जाती है। अभी तक किसी भी पार्टी की तरफ से प्रत्याशियों के नामों की घोषणा नहीं हुई है, लेकिन भाजपा और बसपा के प्रत्याशी लगभग तय माने जा रहे हैं। जो लगातार जनता के बीच जाकर चुनावी माहौल बनाने पर लगे हुए हैं। ऐसे में सभी की निगाहें गठबंधन के प्रत्याशी पर है। क्योंकि गठबंधन के प्रत्याशी से ही चुनावी समीकरण तय होगा। इसकी बड़ी वजह है मुस्लिम वर्ग।
