सहारनपुर(मनीष अग्रवाल)। मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के अन्तर्गत तहसील रामपुर मनिहारान के गोचर महाविद्यालय में विधायक रामपुर मनिहारान देवेन्द्र निम, जिलाधिकारी डॉ0 दिनेश चन्द्र एवं मुख्य विकास अधिकारी सुमित राजेश महाजन की उपस्थिति में सामूहिक विवाह कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसी के साथ विकासखण्ड गंगोह में सांसद प्रदीप चौधरी एवं मुजफ्फराबाद में पूर्व सांसद राघव लखनपाल शर्मा की उपस्थिति में धार्मिक रीति रिवाज के अनुसार सामूहिक विवाह कार्यक्रम सम्पन्न कराया गया। जनपद में 247 जोडों का विवाह सम्पन्न हुआ।
विधायक देवेन्द्र निम ने वर-वधुओं को आशीर्वचन देते हुए कहा कि आज आप अपनी जिंदगी की नई शुरूआत करने जा रहे हैं। प्रधानमंत्री की मंशा है कि ऐसे गरीब व निर्धन परिवार जो शादी विवाह समारोह में होने वाले व्यय को वहन करने में सक्षम नहीं हैं, उनका भी विवाह समारोह सम्मानपूर्वक, परम्परागत व धार्मिक रीति-रिवाज से सम्पन्न हो सके। प्रधानमंत्री की परिकल्पना को साकार करने के लिये कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ द्वारा मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना आरम्भ की गयी इसी के तहत यहां भव्य आयोजन किया जा रहा है। इस योजना की सबसे खास बात यह है कि इसमें धर्म, जाति एवं वर्ग का कोई बंधन नहीं है। जिलाधिकारी डॉ0 दिनेश चन्द्र ने सभी नवविवाहित जोडों को शुभकामनाएं देकर उनके दामपत्य जीवन के लिए मंगल कामना करते हुए कहा कि मुख्यमंत्री द्वारा दिये गये आदेशों के क्रम में भव्य सामूहिक विवाह कार्यक्रम आयोजित हुआ। उन्होने कहा कि कोई भी पात्र व्यक्ति योजना में ऑनलाइन आवेदन कर सामूहिक विवाह योजना का लाभ प्राप्त कर सकता है। ऐसे में आप सभी को मुख्यमंत्री समेत पूरे जिला प्रशासन की ओर से आगामी सुखमय वैवाहिक जीवन के लिये हार्दिक बधाई व आशीर्वाद हैं। उन्होंने समस्त जनपदवासियों से अपील करते हुए कहा कि जो भी पात्र योजना का लाभ नहीं ले सके हैं वह जल्द से जल्द ऑनलाइन आवेदन करें, जिला प्रशासन द्वारा जल्द ही ऐसा भव्य सामूहिक विवाह समारोह आयोजित कर उन्हें लाभान्वित किया जाएगा।
जिला समाज कल्याण अधिकारी अर्चना ने बताया कि मुख्यमंत्री के निर्देशन एवं जिलाधिकारी के मार्गदर्शन में 247 जोड़ों का विवाह कराया गया है, जिसमें से 156 हिन्दू जोडों एवं 91 मुस्लिम जोड़ों का विवाह धार्मिक रीति-रिवाज से सम्पन्न हुआ है। सरकार द्वारा प्रति जोड़े पर 51 हजार रूपये का व्यय किया जाता है, जिसमें 35 हजार रूपये खाते में, 10 हजार रूपये का आवश्यक सामान और 6000 रूपये विवाह समारोह के आयोजन में व्यय किये जाते हैं।
इस अवसर पर उप जिलाधिकारी रामपुर मनिहारान श्वेता पाण्डेय, जिला समाज कल्याण अधिकारी अर्चना सहित, खण्ड विकास अधिकारी कमला प्रसाद श्रीवास्तव सहित ब्लॉक प्रमुख एवं अन्य जनप्रतिनिधिगण तथा संबंधित अधिकारीगण उपस्थित रहे।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Verified by MonsterInsights