मंगलवार को उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग (UPPSC) ने PCS का अंतिम परिणाम घोषित कर दिया। इसमें सहारनपुर के सिद्धार्थ गुप्ता में टॉप किया है। प्रयागराज के प्रेम शंकर पांडेय दूसरे और हरदोई के स्वास्तिक श्रीवास्तव तीसरे नंबर पर आए हैं।
वहीं शुभी गुप्ता ने महिलाओं की लिस्ट में टॉप किया है। UPPSC ने 8 महीने 9 दिन में रिजल्ट देकर एक नया रिकॉर्ड बनाया है। PCS में इस बार 167 चयनितों में 84 महिलाएं शामिल हैं। हालांकि टॉप 10 में सिर्फ 2 महिला अभ्यर्थियों का नाम ही शामिल है।
उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग में इस बार रिकॉर्ड 167 कैंडिडेट्स में से 84 महिलाएं सिलेक्ट हुई हैं, जोकि कुल सीट का लगभग 33.46% है। उत्तर प्रदेश के 68 जिलों के कैंडिडेट्स का चयन हुआ है। 150 रिक्तियों के सापेक्ष 451 अभ्यर्थियों को मुख्य परीक्षा में सफल घोषित किया गया।
मुख्य परीक्षा 26 सितंबर से 29 सितंबर 2023 के बीच आयोजित की गई थी। इस परीक्षा में कुल 3658 अभ्यर्थी सम्मिलित हुए थे। इसमें कुल 20 प्रकार के पदों के लिए 254 रिक्तियां थीं। जिनमें से 6 प्रकार के पदों के लिए 104 रिक्तियों पर चयन केवल लिखित परीक्षा के आधार पर किया जाना है।
22 दिसंबर, 2023 को मेंस परीक्षा का परिणाम घोषित किया गया था। मेंस परीक्षा में इंटरव्यू के लिए 451 अभ्यर्थी सफल घोषित किए गए थे। 8 जनवरी से 12 जनवरी के बीच इंटरव्यू हुए थे। तीन अभ्यर्थी इंटरव्यू में अनुपस्थित रहे थे।
पीसीएस 2023 में 5 लाख 65 हजार 459 अभ्यर्थी पंजीकृत हुए थे। प्रारंभिक परीक्षा में 3 लाख 45 हजार 22 अभ्यर्थी सम्मिलित हुए थे। मुख्य परीक्षा के लिए 4047 अभ्यर्थी सफल घोषित किए गए थे। टॉप 20 अभ्यर्थियों में 13 पुरुष 7 महिला अभ्यर्थी चयनित हुए हैं। कुल चयनित अभ्यर्थियों में 68 जिलों का प्रतिनिधित्व हुआ है।