कौशांबी जिले से लूटमार का एक मामला सामने आया है। यहां पर मंझनपुर थाना क्षेत्र में रविवार सुबह हथियारों से लैस बदमाशों ने एक सर्राफा व्यापारी को गोली मार दी। इसके बाद सोने चांदी के गहनों से भरा बैग लूट लिया और हथियार लहराते हुए बाइक पर सवार होकर फरार हो गए। जानकारी मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और घायल व्यापारी को जिला अस्पताल में भर्ती कराया है। 

हथियार के बल पर छीना बैग 
पुलिस के अनुसार, मंझनपुर थाना क्षेत्र के कोरों गांव के पास ससुर खदेरी नदी के पुल के पास यह घटना हुई। कोरों ग्राम निवासी दीपक वर्मा की मंझनपुर कस्बा में सर्राफा की दुकान है और आज वह सुबह 10 बजे के लगभग बाइक से दुकान जा रहे थे, तभी ससुर खदेरी नदी के पुल के पास दो बाइक सवार चार अज्ञात बदमाश वहां पहुंचे और हथियार के बल पर दीपक से गहनों का बैग छीनने लगे। विरोध करने पर बदमाशों ने दीपक वर्मा को गोली मार दी। गोली उनके कंधे में लगी और वह घायल होकर गिर गए। चारों बदमाश हथियार लहराते हुए बाइक से फरार हो गए। घटना की सूचना दीपक वर्मा ने परिजनों और पुलिस को दी। 

बदमाशों को पकड़ने के लिए खंगाले जा रहे CCTV 
मंझनपुर के पुलिस क्षेत्राधिकारी (सीओ) शिवांक सिंह ने बताया कि घायल व्यापारी को इलाज के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है और बदमाशों की तलाश में इलाके में लगे सीसीटीवी कैमरे की फुटेज की जांच की जा रही है। उन्होंने बताया कि घायल व्यापारी की शिकायत मिलने पर प्राथमिकी दर्ज कर विधिक कार्रवाई की जाएगी। सीओ ने कहा कि अब तक यह पता नहीं चला है कि बैग में रखे गहनों का वजन और उनकी कीमत कितनी है। यह शिकायत मिलने पर ही पता चलेगा। 

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Verified by MonsterInsights