सहारनपुर / बुधवार को सड़क सुरक्षा अभियान को गति देने और युवाओं को जागरूक करने के उद्देश्य से ‘सड़क सुरक्षा मित्र’ के छात्र स्वयंसेवकों के लिए एक विशेष प्रशिक्षण एवं भ्रमण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। आरटीओ कार्यालय में प्रशिक्षण कार्यक्रम की शुरुआत क्षेत्रीय परिवहन कार्यालय,सहारानपुर से हुई।जहाँ एआरटीओ (प्रवर्तन) एम.पी. सिंह और एआरटीओ (प्रशासन) मानवेंद्र प्रताप सिंह ने छात्रों को परिवहन विभाग की कार्यप्रणाली और इसकी संरचना के बारे में विस्तार से जानकारी दी। अधिकारियों ने छात्रों को बताया कि विभाग किस प्रकार सड़क सुरक्षा सुनिश्चित करने और यातायात नियमों के पालन के लिए जमीनी स्तर पर कार्य करता है।ड्राइविंग लाइसेंस प्रक्रिया का व्यावहारिक ज्ञान इसके पश्चात, सभी स्वयंसेवकों ने बेहट रोड स्थित एडीसीटी (ADTC) सेंटर का दौरा किया। यहाँ छात्रों ने ड्राइविंग लाइसेंस बनने की पूरी प्रक्रिया को करीब से देखा। उन्हें बताया गया कि एक जिम्मेदार चालक बनने के लिए किन मानकों को पूरा करना आवश्यक है और लाइसेंसिंग प्रक्रिया में पारदर्शिता का क्या महत्व है।वाहन तकनीक की जानकारी तकनीकी सत्र के दौरान, मोटर वाहन निरीक्षक रोहित सिंह ने छात्रों को वाहनों के मैकेनिकल स्ट्रक्चर और उनकी कार्यप्रणाली के बारे में व्यावहारिक ज्ञान प्रदान किया। उन्होंने समझाया कि सड़क पर वाहन की फिटनेस और तकनीकी जानकारी दुर्घटनाओं को रोकने में कितनी सहायक हो सकती है। इस प्रशिक्षण का मुख्य उद्देश्य इन ‘सड़क सुरक्षा मित्रों’ को इतना सक्षम बनाना है कि वे समाज में जाकर अन्य लोगों को यातायात नियमों और सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक कर सकें।
