बेटिंग ऐप मामले में प्रवर्तन निदेशालय यानी ED ने अपना शिकंजा कसना शुरू कर दिया है। अधिकारियों ने मंगलवार, 16 सितंबर को जानकारी दी कि ED ने कथित अवैध ऑनलाइन सट्टेबाजी ऐप से जुड़े मनी लॉन्ड्रिंग मामले में पूछताछ के लिए पूर्व क्रिकेटर युवराज सिंह और रॉबिन उथप्पा के साथ-साथ एक्टर सोनू सूद को तलब किया है। इन तीनों से ही पूछताछ होगी।
उथप्पा को 22 सितंबर और युवराज को 23 सितंबर को दिल्ली में ED के मुख्यालय में पेश होने के लिए कहा गया है। यह मामला 1xBet नामक एक अवैध ऑनलाइन सट्टेबाजी प्लेटफॉर्म से जुड़ा है, जिस पर करोड़ों रुपये की धोखाधड़ी और टैक्स चोरी का आरोप है। ईडी ने सोनू सूद को 24 सितंबर को दिल्ली स्थित मुख्यालय में पेश होने का आदेश दिया है।
एजेंसी का मानना है कि उन्होंने एक ऐसे ऑनलाइन प्लेटफॉर्म के साथ प्रमोशनल जुड़ाव किया, जो भारत में बैन हैं। यह ऐप कथित तौर पर अवैध ऑनलाइन सट्टेबाजी और पैसों की हेराफेरी में शामिल है। जांच एजेंसी इस बात की पड़ताल कर रही है कि सेलिब्रिटीज और खिलाड़ियों की ब्रांडिंग से इस एप को किस हद तक फायदा हुआ और क्या इससे जुड़े भुगतान नियमों का उल्लंघन हुआ।
सुरेश रैना और शिखर धवन से हो चुकी है पूछताछ
ED का कहना है कि इन सभी से यह जानना जरूरी है कि 1xBet एप का प्रमोशन करने के लिए इन्हें किसने संपर्क किया और इसके बदले में इन्हें कितनी और किस तरह से पेमेंट की गई। बता दें कि इस मामले में ED पहले ही शिखर धवन और सुरेश रैना से पूछताछ कर चुकी है। उथप्पा अब तक दिल्ली में इस मामले में तलब किए जाने वाले तीसरे पूर्व भारतीय क्रिकेटर हैं। संघीय जांच एजेंसी पिछले कुछ हफ्तों में पूर्व क्रिकेटरों सुरेश रैना और शिखर धवन से पूछताछ कर चुकी है। इस मामले में सोमवार को पूर्व टीएमसी सांसद और अभिनेत्री मिमी चक्रवर्ती का भी बयान दर्ज किया गया। बताया गया है कि मिमी से अधिकारियों ने करीब 9 घंटे तक पूछताछ की।
उर्वशी रौतेला को भी बुलाया गया
जानकारी के मुताबिक मिमी चक्रवर्ती को 15 सितंबर और उर्वशी रौतेला को 16 सितंबर को पेश होने के आदेश दिए गए थे। उर्वशी रौतेला ईडी के सामने पेश नहीं हुई हैं।
