लोनी की अली गार्डन कॉलोनी में यूट्यूबर और टीवी पैनलिस्ट सलीम वास्तिक पर हुए जानलेवा हमले का वो खौफनाक वीडियो सामने आ गया है, जिसे देखकर किसी की भी रूह कांप जाए। इस वीडियो में दो सगे भाइयों, जीशान और गुलफाम की दरिंदगी साफ कैद हुई है। बता दें कि पुलिस पहले ही इन दोनों हमलावरों को मुठभेड़ (Encounter) में ढेर कर चुकी है।
CCTV में कैद मौत का तांडव
सामने आए फुटेज में दिख रहा है कि हमलावर पूरी तैयारी के साथ आए थे। जीशान और गुलफाम हेलमेट पहनकर सलीम के ऑफिस में घुसते हैं। सलीम कुछ समझ पाते, उससे पहले ही एक भाई उन्हें दबोच लेता है और दूसरा धारदार हथियार से उनके गले और पेट पर वार शुरू कर देता है। करीब 5 मिनट तक दोनों भाई सलीम को खत्म करने की कोशिश करते रहे। वीडियो में हमलावर चिल्लाते सुनाई दे रहे हैं— मारो इसे… पेट में मारो, गले पर… गुस्ताखी करेगा ये! फर्श खून से लाल हो चुका था, लेकिन सलीम ने हिम्मत नहीं हारी और मौत से जूझते रहे। हमलावरों ने भारी चीज से उनका सिर कुचलने की भी कोशिश की, लेकिन शोर मचने पर वे भाग निकले।
मजदूरी से जलसाज और फिर कातिल बनने का सफर
हैरानी की बात यह है कि मुख्य आरोपी गुलफाम 10 साल पहले घर की तंगहाली दूर करने नोएडा आया था। वह लकड़ी की कारीगरी का काम करता था और उसके दो छोटे बच्चे भी हैं। वहीं छोटा भाई जीशान 12वीं पास था और उसने मदरसे से दीनी तालीम भी ली थी। किसी ने नहीं सोचा था कि मेहनत-मजदूरी करने वाले ये दो भाई गुस्ताखी के नाम पर इतने बड़े अपराधी बन जाएंगे।
पुलिस का ऑन द स्पॉट इंसाफ
इस वीभत्स वीडियो और सलीम के बयान के आधार पर पुलिस ने आरोपियों का पीछा किया। 1 मार्च को मुठभेड़ में पहला भाई जीशान मारा गया। वहीं 3 मार्च को पुलिस ने दूसरे भाई गुलफाम को भी एनकाउंटर में ढेर कर दिया। इस कार्रवाई के बाद आरोपियों के पैतृक गांव अमरोहा (सैदनगली) में सन्नाटा पसरा हुआ है।
