मुजफ्फरनगर। बड़े ही हर्ष और उल्लास के साथ शिव चौक स्थित श्री हनुमान मन्दिर (लाला कल्लूमल बाला) में इस वर्ष श्री खाटू श्याम फाल्गुन उत्सव अत्यंत भव्य एवं दिव्य स्वरूप में मनाया जा रहा है। मंदिर परिसर में भक्ति की बयार बह रही है और पूरा शहर श्याम रंग में रंगने को तैयार है। मंगलवार को श्री हनुमान मंदिर लाला कल्लूमल वाला ट्रस्ट रजि. के पदाधिकारियों ने मीडिया सेंटर के पत्रकारों से वार्ता कर उत्सव के विस्तृत कार्यक्रम की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि इस बार फाल्गुन महोत्सव को ऐतिहासिक और अविस्मरणीय बनाने की पूरी तैयारियां कर ली गई हैं। इस दौरान उन्होंने मंदिर परिसर में होने वाले विभिन्न कार्यक्रमों की जानकारी देते हुए बताया कि बुधवार, 25 फरवरी को प्रातः 10 बजे मेहता क्लब नई मंडी से भव्य शोभा यात्रा का शुभारंभ होगा। यह शोभा यात्रा नई मंडी के मुख्य मार्गों से होती हुई अंसारी रोड, मोती महल, भगत सिंह रोड, सदर बाजार से गुजरते हुए श्री हनुमान मंदिर निकट शिव चौक पर विश्राम लेगी। यात्रा में सजे-धजे रथ, ध्वज पताकाएं, ढोल-नगाड़ों की गूंज और श्याम भक्तों की जयकारों से पूरा वातावरण भक्तिमय हो उठेगा। वहीं बृहस्पतिवार, 26 फरवरी को सांय 6:00 बजे मंदिर प्रांगण से श्री श्याम नाम की मेंहदी एवं निशान वितरण कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। भक्तगण अपने हाथों में श्याम नाम की मेंहदी रचाकर एवं निशान धारण कर बाबा के प्रति अपनी आस्था प्रकट करेंगे। शुक्रवार, 27 फरवरी को प्रातः 9:00 बजे हनुमान चौक (शामली रोड) से एकादशी निशान यात्रा प्रारंभ होगी, जो भगत सिंह रोड, शिव चौक से होते हुए मंदिर पर सम्पन्न होगी। रात्रि 7:00 बजे से एकादशी के अवसर पर भव्य कीर्तन का आयोजन किया जाएगा, जिसमें मुख्य भजन प्रवाहक अभिषेक माहेश्वरी (चित्तौड़गढ़) श्याम बाबा का गुणगान करेंगे। उनके साथ स्थानीय भजन गायक भी भक्ति रस की वर्षा करेंगे।
इस अवसर पर मंदिर प्रांगण में श्याम नाम की केसर-चंदन होली, फूलों की होली और चंग धमाल का दिव्य आयोजन होगा, जिससे पूरा परिसर वृंदावन सा अनुपम दृश्य प्रस्तुत करेगा। इसके अलावा शनिवार, 28 फरवरी को रात्रि 7:00 बजे से द्वादशी भव्य कीर्तन प्रभु की इच्छा अनुसार संपन्न होगा। इस अवसर पर मुख्य भजन प्रवाहक सौरभ शर्मा (कलकत्ता) अपनी मधुर वाणी से बाबा का गुणगान करेंगे। स्थानीय भजन प्रवाहकों की सहभागिता से कीर्तन संध्या और भी दिव्य बन जाएगी। वहीं श्री हनुमान मंदिर (लाला कल्लूमल वाला) ट्रस्ट परिवार ने नगर की सम्मानित जनता से अनुरोध किया है कि वे अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर बाबा खाटू श्याम जी का आशीर्वाद प्राप्त करें और इस पुण्य अवसर का लाभ उठाएं। इस अवसर पर ट्रस्ट परिवार के आदित्य गर्ग, योगेन्द्र गर्ग, सचिन गर्ग, प्रवीण कुमार गर्ग, नवीन गर्ग, सुरेश गर्ग, प्रदीप गर्ग, सौरभ गर्ग, अंकित गर्ग, विपिन गर्ग, राधामुकुंद गर्ग (मुन्ना), नीशू गर्ग, अंकुर गर्ग, नमन कंसल, डी.के. कश्यप, संजय गोयल, हिमांशु वर्मा, कार्तिक गर्ग, मयंक गर्ग, अंकुश गर्गी सहित समस्त सदस्यगण उपस्थित रहे। फाल्गुन के इस पावन अवसर पर जब श्याम नाम की गूंज पूरे शहर में फैलेगी, तब हर हृदय में भक्ति, प्रेम और उल्लास का संचार होगा। शिव चौक स्थित श्री हनुमान मंदिर एक बार फिर श्याम भक्ति के रंग में सराबोर होकर नगरवासियों को आध्यात्मिक आनंद का अद्भुत अनुभव कराने जा रहा है।
