केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने 1947 में विभाजन के दौरान अपनी जान गंवाने वाले लोगों को बृहस्पतिवार को श्रद्धांजलि दी और कांग्रेस पर देश को विभाजित करने तथा मां भारती के स्वाभिमान को चोट पहुंचाने का आरोप लगाया।

‘विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस’ पर शाह ने कहा कि यह देश के विभाजन और उसकी त्रासदी के शिकार लोगों के दर्द को याद कर संवेदना व्यक्त करने का दिन है। उन्होंने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ‘‘इस दिन कांग्रेस ने देश को टुकड़ों में बांटकर मां भारती के स्वाभिमान को चोट पहुंचाई। विभाजन के कारण हिंसा, शोषण और अत्याचार हुए तथा करोड़ों लोगों ने विस्थापन झेला।’’

केंद्रीय मंत्री ने कहा, ‘‘मैं उन सभी लोगों के प्रति मन की गहराई से श्रद्धांजलि अर्पित करता हूं। देश विभाजन के इस इतिहास और दर्द को कभी नहीं भूल सकेगा।’’ मोदी सरकार देश के विभाजन के दौरान अपनी जान गंवाने वाले लोगों की याद में 2021 से 14 अगस्त को ‘विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस’ के रूप में मना रही है।

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने 2021 में विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस की घोषणा करते हुए कहा था कि यह दिन लोगों के संघर्ष और बलिदान की याद में मनाया जाएगा क्योंकि विभाजन के दर्द को कभी नहीं भुलाया जा सकता है।

मोदी ने यह भी कहा कि विभाजन के कारण हुई विवेकहीन नफरत और हिंसा के कारण लाखों लोग विस्थापित हुए और कई लोगों ने अपनी जान गंवाई। भारत शुक्रवार को अपना स्वतंत्रता दिवस मनाएगा।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Verified by MonsterInsights