मेरठ में भाजपा के फायर ब्रांड नेता और पूर्व विधायक संगीत सोम ने एक कार्यक्रम के दौरान फिल्म अभिनेता शाहरुख खान को लेकर तीखी टिप्पणी करते हुए उन्हें देश का गद्दार करार दिया। कहा युगों सरकार में अतीक जैसे माफिया अल्लाह मियां को प्यारे हो गए। उनके इस बयान के बाद स्थानीय से लेकर राष्ट्रीय स्तर तक सियासत गर्मा गई है।
संगीत सोम ने कहा कि मौजूदा समय में बांग्लादेश में हिंदुओं पर अत्याचार और हत्याओं की घटनाएं सामने आ रही हैं, जो अत्यंत चिंताजनक हैं। ऐसे हालात में जब पड़ोसी देश में हिंदू समाज पर हमले हो रहे हैं, तब भारत में बैठे कुछ लोग आईपीएल जैसे आयोजनों में बांग्लादेशी खिलाड़ियों पर करोड़ों रुपये खर्च कर रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि फिल्म अभिनेता शाहरुख खान ने आईपीएल में बांग्लादेश के क्रिकेटर रहमान को करीब 9 करोड़ रुपये में खरीदा है, जो देश की भावनाओं के विपरीत है।
संगीत सोम ने अपने बयान में कहा कि जो लोग देश और समाज की पीड़ा को नजरअंदाज कर सिर्फ व्यापार और मनोरंजन को प्राथमिकता देते हैं, उन्हें आत्ममंथन करना चाहिए। उन्होंने बेहद कड़े शब्दों में कहा कि ऐसे लोगों को देश में रहने का कोई नैतिक अधिकार नहीं है।
अपने संबोधन के दौरान संगीत सोम ने केंद्र की मोदी सरकार और उत्तर प्रदेश की योगी आदित्यनाथ सरकार की भी खुलकर तारीफ की। उन्होंने कहा कि प्रदेश में कानून-व्यवस्था को लेकर योगी सरकार ने सख्त रुख अपनाया है, जिसका असर जमीन पर दिखाई दे रहा है। संगीत सोम ने कहा कि योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में बड़े-बड़े अपराधियों का खात्मा हुआ है और प्रदेश में अपराधियों में कानून का डर पैदा हुआ है। संगीत सोम ने कहा कि योगी सरकार में अतीक जैसे बड़े अपराधी अल्लाह मियां को प्यारे हो गए।
