मुजफ्फरनगर। वेदांता पब्लिक स्कूल सिखेड़ा में कक्षा 11वीं के विद्यार्थियों द्वारा कक्षा 12वीं के विद्यार्थियों के सम्मान में एक भव्य विदाई समारोह का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम का उद्देश्य वरिष्ठ विद्यार्थियों के प्रति सम्मान प्रकट करना तथा उनके उज्जवल भविष्य के लिए शुभकामनाएं देना था। कार्यक्रम का शुभारंभ कक्षा 11वीं के विद्यार्थियों द्वारा स्वागत गीत से हुआ इसके पश्चात विद्यार्थियों द्वारा नृत्य, हास्य नाटिका, कविता पाठ, प्रेरणादायी भाषण प्रस्तुत किए गए। प्रत्येक प्रस्तुति में कक्षा 12वीं के विद्यार्थियों के प्रति प्रेम सम्मान और आत्मीयता स्पष्ट रूप से दिखाई दे रही थी। इस अवसर पर कक्षा 12वीं के विद्यार्थियों ने भी अपने अनुभव साझा किये। उन्होंने विद्यालय के शिक्षकों व शिक्षिकाओं के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इस विद्यालय में रहकर न केवल ज्ञान अर्जित किया, बल्कि जीवन मूल्य को भी आत्मसात किया है। इस अवसर पर शिक्षकगणों ने कक्षा 12वीं के विद्यार्थियों को कहा कि विद्यालय में अर्जित ज्ञान और संस्कार ही उनके उज्जवल भविष्य की सशक्त नींव है। विद्यार्थियों को असफलताओं से घबराने की बजाय उससे सीख लेने की सलाह दी। इस अवसर पर विद्यालय के प्रबंधक सुशील सिंह आर्य जी ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि वे सदैव अपने माता-पिता, गुरुजनों और विद्यालय का सम्मान बनाए रखें। विद्यालय के प्रधानाचार्य विवेक चौधरी जी ने विद्यार्थियों को सलाह दी कि वे लक्ष्य निर्धारण कर निरंतर प्रयास करें और जीवन में अनुशासन बनाए रखें। विद्यालय की कोऑर्डिनेटर सुनीता सैनी, गुंजन तोमर, कीर्ति रानी, प्रीति शर्मा ने कहा कि यह विद्यालय उनके लिए केवल अध्ययन का स्थान नहीं बल्कि सीख और आत्मविकास की महत्वपूर्ण पाठशाला रहा है। कार्यक्रम के अंत में कक्षा 12वीं के सभी विद्यार्थियों को उपहार भेंट किए गए तथा उनके उज्जवल भविष्य की सफलता और सुखी जीवन की कामना की गई। यह विदाई समारोह न केवल कक्षा 12th के विद्यार्थियों के लिए बल्कि पूरे विद्यालय परिवार के लिए एक अविस्मरणीय अनुभव बन गया।
