तरनतारन लॉ छात्रा के हत्याकांड में नया मोड़ सामने आया है।  तरनतारन स्थित एक लॉ कॉलेज में छात्रा संदीप कौर की गोली मारकर हत्या करने और बाद में खुद को भी गोली मारने वाले छात्र की इलाज के दौरान मौत हो गई। घटना के बाद पहली बार आरोपी छात्र प्रिंसराज का परिवार मीडिया के सामने आया और मां ने पूरे मामले को लेकर अपनी प्रतिक्रिया दी है।

आरोपी की मां ने कहा कि उन्हें अंदाजा भी नहीं था कि उनका बेटा इतना बड़ा कदम उठा सकता है। मां ने रोते हुए बताया कि, बेटे का कॉलेज में दाखिला हुए अभी करीब 6 महीने ही हुए थे और वह पढ़ाई में अच्छा था।  बेटा अक्सर घर में पढ़ाई और भविष्य की योजनाओं की ही बात करता था। मां ने दावा किया कि मृतक छात्रा उससे फोन नंबर मांगती थी, लेकिन उसने नंबर नहीं दिया क्योंकि वह नंबर मां के नाम पर था। यही नहीं लड़की हमेशा उनके बेटे को कहती थी कि वह दूसरे लड़कों की तरह नहीं है, सिर्फ पढ़ाई पर ही ध्यान देता है।

मृतक प्रिंसराज की मां  कहना है कि बेटे ने कुछ दिन पहले यह भी बताया था कि उसने लड़की को किसी अन्य युवक के साथ बाइक पर जाते हुए देखा था, जिसके बाद वह परेशान नजर आया। हालांकि उन्होंने बेटे को समझाने की बात कही और कहा कि उन्हें किसी अनहोनी की आशंका नहीं थी।आरोपी छात्र प्रिंसराज की मां ने आगे बताया कि घटना वाले दिन भी वह उन्हें रोजाना की तरह मिलकर गया था। लेकिन उसने जाते समय कहा था, मां मैं जा रहा हूं। मां ने बताया कि मुझे नहीं पता था कि, मेरा बेटा ऐसा कदम उठा लेगा।

दूसरी ओर, मृतक छात्रा के परिवार ने पहले इसे एकतरफा प्रेम का मामला बताया था। छात्रा की मां का कहना था कि आरोपी ने प्रपोज किया था, लेकिन उनकी बेटी ने साफ इनकार कर दिया था, जिससे वह नाराज चल रहा था।

जानकारी के अनुसार, 9 फरवरी को आरोपी छात्र ने क्लासरूम में छात्रा पर गोली चलाई और फिर खुद को भी गोली मार ली। छात्रा की मौके पर ही मौत हो गई थी, जबकि आरोपी को अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां कुछ दिन इलाज चलने के बाद उसने भी दम तोड़ दिया। बता दें कि, गत 9 फरवरी की सुबह 9.16 मिनट पर लॉ कालेज में घटना को अंजाम दिया गया। छात्र छात्राएं अपनी सीटों पर बैठे थे। इस दौरान मृतक संदीप कौर अपनी सहेली के साथ पीछे की बैंच पर बैठी थी। इस दौरान आरोपी छात्र प्रिंसराज वहां पर आया और उनसे बातचीत करने लगा। फिर देखते ही देखते आरोपी छात्र ने बैग से पिस्टल निकाली और संदीप कौर के सिर में गोली मार दी, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। इस के बाद छात्र ने खुद को भी गोली मार ली। पूरी घटना सीसीटीवी में कैद हो गई। घायल छात्र की भी इलाज दौरान मौत हो गई। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और कॉलेज परिसर की सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल उठ रहे हैं।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Verified by MonsterInsights