बिहार भाजपा के दिग्गज नेता और बिहार के पूर्व उपमुख्यमंत्री सुशील कुमार मोदी का सोमवार की शाम दिल्ली में निधन हो गया। वह पिछले कई महीनों से कैंसर से पीड़ित थे। उन्होंने दिल्ली के एक अस्पताल में अंतिम सांस ली। राष्‍ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने बिहार के उपमुख्यमंत्री और राज्‍यसभा सदस्य सुशील कुमार मोदी के निधन पर गहरा दुख जताया। उन्‍होंने सार्वजनिक जीवन में उनके उच्च आदर्शों को याद किया।

राष्‍ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने एक्‍स पर अपने शोक संदेश में लिखा, राज्‍यसभा सदस्य सुशील कुमार मोदी जी का आकस्मिक निधन एक अपूरणीय क्षति है। सौम्य स्वभाव, कुशल प्रशासक के रूप में योगदान तथा सार्वजनिक जीवन में शुचिता उनके व्यक्तित्व और कृतित्व में परिलक्षित होते थे। बिहार के उपमुख्यमंत्री, संसद सदस्य और राज्य की विधायिका के दोनों सदनों के सदस्य के रूप में श्री सुशील कुमार मोदी ने उच्च आदर्शों को निभाया। ईश्‍वर उनकी आत्मा को शांति प्रदान करें और उनके परिवार को यह दुख सहने की शक्ति दें।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बिहार के पूर्व उपमुख्यमंत्री सुशील कुमार मोदी को अपना मूल्यवान सहयोगी और मित्र बताते हुए उनके निधन पर गहरा दुख व्यक्त किया है। उन्होंने बिहार में भाजपा के उत्थान और जीएसटी के पारित होने में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका को भी याद किया। पीएम मोदी ने सुशील कुमार मोदी के साथ अपनी एक पुरानी तस्वीर को एक्स पर पोस्ट कर कहा, पार्टी में अपने मूल्यवान सहयोगी और दशकों से मेरे मित्र रहे सुशील मोदी के असामयिक निधन से अत्यंत दुख हुआ है। बिहार में भाजपा के उत्थान और उसकी सफलताओं के पीछे उनका अमूल्य योगदान रहा है। शोक की इस घड़ी में मेरी संवेदनाएं उनके परिवार और समर्थकों के साथ हैं। ओम शांति!

भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा और केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह ने पार्टी के वरिष्ठ नेता एवं बिहार के पूर्व उपमुख्यमंत्री सुशील कुमार मोदी के निधन पर गहरा दुख जाहिर किया है। अमित शाह ने सुशील कुमार मोदी को बिहार की राजनीति का महान पुरोधा बताते हुए एक्स पर पोस्ट कर कहा, हमारे वरिष्ठ नेता सुशील कुमार मोदी जी के निधन की सूचना से आहत हूं। आज बिहार ने राजनीति के एक महान पुरोधा को हमेशा के लिए खो दिया। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने बिहार को जंगलराज से निकालने में उनकी भूमिका को याद करते हुए एक्स पर पोस्ट कर कहा, भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता और बिहार के पूर्व उपमुख्यमंत्री सुशील मोदी जी के निधन का समाचार अत्यंत खदुद है। ॐ शांति!

बिहार के पूर्व उपमुख्यमंत्री और भाजपा के दिग्गज नेता सुशील मोदी के निधन पर राजद के राष्ट्रीय अध्यक्ष लालू प्रसाद और पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी, विपक्ष के नेता तेजस्वी यादव ने शोक जताया है। लोजपा ( रा) के प्रमुख चिराग ने भी मोदी के निधन पर शोक प्रकट किया है। लोजपा (रा) के प्रमुख चिराग पासवान ने मोदी के निधन पर शोक प्रकट करते हुए कहा कि बिहार के पूर्व उप मुख्यमंत्री व पूर्व राज्यसभा सांसद सुशील कुमार मोदी के निधन की खबर सुनकर स्तब्ध हूं। सुशील कुमार मोदी से परिवारिक रिश्ते थे। उनकी कमी सदैव खलेगी।
बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने पूर्व उपमुख्यमंत्री और पूर्व राज्यसभा सांसद सुशील कुमार मोदी के निधन पर गहरी शोक संवेदना व्यक्त की है। मुख्यमंत्री ने अपने शोक संदेश में कहा कि दिवंगत सुशील कुमार मोदी जेपी आंदोलन के सच्चे सिपाही थे। उपमुख्यमंत्री के तौर पर भी उन्होंने हमारे साथ काफी वक्त तक काम किया। उन्होंने अपने शोक संदेश में कहा, मेरा उनके साथ व्यक्तिगत संबंध था और उनके निधन से मैं मर्माहत हूं। मैंने आज सच्चा दोस्त और कर्मठ राजनेता खो दिया है। उनके निधन से राजनीतिक और सामाजिक क्षेत्र में अपूरणीय क्षति हुई है।
यूपी के मुख्यमंत्री योगी आदित्‍यनाथ ने पूर्व उपमुख्यमंत्री और पूर्व राज्यसभा सांसद सुशील कुमार मोदी के निधन पर गहरी शोक संवेदना व्यक्त की है। मुख्यमंत्री ने अपने शोक संदेश में कहा कि भाजपा परिवार के वरिष्ठ सदस्य सुशील कुमार मोदी का निधन अत्यंत दुखद है। वहीं, केंद्रीय परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी, भाजपा महासिचव विनाेद तावड़े और अभिनेत्री-भाजपा नेत्री कंगना रनौत ने बिहार के पूर्व उपमुख्यमंत्री एवं भाजपा के वरिष्ठ नेता सुशील कुमार मोदी जी के निधन पर दुख जताया है।

पश्‍चिम बंगाल की मुख्‍यमंत्री और तृणमूल कांग्रेस प्रमुख ममता बनर्जी ने भाजपा के वरिष्‍ठ नेता व राज्‍यसभा सदस्‍य व बिहार के पूर्व उपमुख्यमंत्री सुशील कुमार मोदी के निधन पर शोक जताया। उन्‍होंने एक्‍स पर लिखे अपने शोक संदेश में कहा, बिहार के पूर्व उपमुख्यमंत्री सुशील कुमार मोदी के दुखद निधन के बारे में सुनकर दुख हुआ। हमारी संवेदनाएं और प्रार्थनाएं उनके परिवार और दोस्तों के साथ हैं। दिवंगत आत्मा को शांति मिले।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Verified by MonsterInsights