राधिका यादव केस में उसकी दोस्त की स्टेटमेंट के बाद पूरी कहानी पलट गई है। गुरुग्राम पुलिस कल तक जिस केस को ओपन एंड शट कहते हुए बंद करने की बात कह रही थी, नए खुलासे के बाद अब राधिका के फोन का डाटा रिकवर करने की बात कर रही है। पुलिस का मानना है कि राधिका के फोन से नए राज सामने आएंगे।
गुरुग्राम पुलिस ने राधिका के फोन के डिलीट डाटा को हासिल करने के लिए उसे DITECH (Department of Information Technology Electronics & Communication, Haryana) को भेज दिया है। राधिका के फोन अनलॉक करके उसका डेटा रिट्रीव किया जाएगा। पुलिस के मुताबिक, राधिका iphone का इस्तेमाल करती थी और उसका पासवर्ड घर वालों को भी नहीं पता। जांच में सामने आया है कि राधिका ने हत्या के कुछ दिनों पहले ही अपने सोशल मीडिया प्रोफ़ाइल डिलीट कर दिए थे। राधिका की दोस्त के ज़रिए सामने आए इंस्टा प्रोफाइल की भी जांच की जा रही है।
गुरुग्राम पुलिस राधिका की दोस्त के भी बयान दर्ज कर सकती है, क्योंकि उसकी दोस्त ने सोशल मीडिया पर दावा किया है कि राधिका के पिता ने हत्या पूरी प्लानिंग के साथ की। जांच के दौरान पुलिस DITECH की मदद से डिलीट किया हुआ डेटा रिकवर करेगी, जिससे ये भी पता चल सके कि उसकी पिछले कुछ दिनों में किस किससे बात हुई है। साथ ही ये भी जांच की जाएगी कि राधिका की सोशल मीडिया पर प्रोफाइल कितनी है और किस किस प्लेटफार्म पर है।
गौरतलब है कि राधिका यादव की 10 जुलाई को गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। पिता दीपक ने कथित तौर पर पुलिस के सामने हत्या की बात कबूलते हुए जो बातें कही थीं, वो राधिका की पोस्टमार्टम रिपोर्ट में झूठी निकलीं। सरकारी अस्पताल के बोर्ड के सदस्य और सर्जन डॉ. दीपक माथुर ने इसकी पुष्टि की।
