कुदरत का कहर कब और कैसे टूट पड़ेगा, इसका अंदाजा कोई नहीं लगा सकता। सहारनपुर के सरसावा इलाके से एक ऐसा रोंगटे खड़े कर देने वाला वीडियो सामने आया है, जिसमें महज 24 सेकंड के भीतर दो हंसते-खेलते परिवारों की खुशियां मातम में बदल गईं। रविवार रात नकुड़ रोड पर आए बर्फीले तूफान और आंधी ने 2 लोगों को संभलने तक का मौका नहीं दिया।

क्या है उस 41 सेकंड के वीडियो में?
हादसे के 4 दिन बाद सोशल मीडिया पर वायरल हुए सीसीटीवी (CCTV) फुटेज ने सबको झकझोर दिया है। तेज बारिश और आंधी के बीच दो बाइक सवार सड़क किनारे एक स्कूटी शोरूम के बाहर लगे टीन शेड के नीचे पनाह लेते हैं। आंधी इतनी तेज थी कि लोहे का भारी टीन शेड हिलने लगता है। वे अभी कुछ समझ पाते, उससे पहले ही महज 24 सेकंड के भीतर हवा का एक जोरदार झोंका आता है और पूरा भारी-भरकम ढांचा सीधे उनके ऊपर गिर जाता है। लोहे का भारी वजन गिरने से दोनों बाइक सवार उसके नीचे दब जाते हैं।

पुलिस की गश्त ने खोला राज
हैरानी की बात यह है कि हादसा रात के अंधेरे में हुआ और किसी को कानों-कान खबर नहीं हुई। रात 12:30 बजे पुलिस की टीम गश्त पर निकली थी। सड़क किनारे खड़ी लावारिस बाइक देखकर पुलिस को शक हुआ। जब पुलिस ने आसपास टॉर्च जलाकर देखा, तो टीन शेड के मलबे के नीचे दोनों व्यक्ति दबे हुए मिले। पुलिस ने उन्हें बाहर निकाला, लेकिन अफसोस, तब तक भटपुरा गांव के पूर्व प्रधान जयपाल सैनी और नवादा निवासी रामकेश सैनी दम तोड़ चुके थे।

पंचायत कार्यक्रम से लौट रहे थे मृतक
जानकारी के मुताबिक, दोनों मृतक उत्तराखंड में एक पंचायत कार्यक्रम में शामिल होकर घर लौट रहे थे। उन्हें क्या पता था कि जिस टीन शेड को वो बारिश से बचने का सहारा समझ रहे हैं, वही उनकी मौत का कारण बन जाएगा।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Verified by MonsterInsights