उत्तर प्रदेश में प्रयागराज की पूर्व महापौर अभिलाषा नंदी गुप्ता ने अखिलेश यादव के झूठे बयान पर नाराजगी व्यक्त करते हुए मां गंगा से उनको सदबुद्धि देने की प्रार्थना की है। अभिलाषा नंदी गुप्ता ने एक वीडियो जारी कर कहा कि सपा अध्यक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने रविवार को प्रयागराज में संवाददाताओं के बीच उन्हें सपा में शामिल होने की बात कही जो सरासर झूठ है। उन्होने कहा ‘‘मैं आप की पार्टी में कभी आना नहीं चाहती थी, आप अपनी पार्टी में मुझे लेना चाहते थे। आप ने कहा था जो पद चाहिए दूंगा, पार्टी में आ जाओ।”  

अभिलाषा गुप्ता ने किया ये दावा
अभिलाषा गुप्ता ने कहा, आपकी सरकार के तत्कालीन नगर विकास मंत्री तक ने सपा में शामिल होने पर नगर निगम की सभी समस्याओं के समाप्त करने की बात कही थी। उन्होंने दावा किया कि वह और उनके पार्षद साथी तत्कालीन नगर विकास मंत्री आजम खां से मिलने गए थे, क्योंकि हाउस टैक्स बहुत अधिक बढ़ाया गया था, कमर्शियल टैक्स भी 100 फीसदी से अधिक कर दिया गया था। छोटे-छोटे दुकानदार पिस रहे थे। उस समय सपा सरकार ने इसे विधानसभा में पास करवा लिया था। तत्कालीन राज्यपाल से भी पास करवा लिया जिसके कारण प्रदेश में सभी नगर निगम की स्थित हद से अधिक खराब हो गयी थी। उस समस्या से संबंधित बात करने के लिए दो-चार बार गई थी। उस समय वह निर्दलीय थी और वर्तमान कैबिनेट मंत्री नंद कुमार नंदी किसी पद पर नहीं थे।       

‘मैं सपा में शामिल होने का सोच भी नहीं सकती’
पूर्व महापौर ने कहा कि मंत्री नंद कुमार गुप्ता नंदी पर आरडीएक्स बम से जान लेवा हमले में जिन सपा लोगों का नाम आ रहा है, मैं उस पार्टी में शामिल होने के बारे में सोच भी नहीं सकती। पूर्व महापौर ने बिना नाम लिए कहा कि आप अपने लोगों को (सपा के घर की छोटी बहू अपर्णा यादव) कहीं और जाने से रोक नहीं पाए क्योंकि आपकी सोच से वो परे हैं। आप उनकी सोच पर खरे नहीं उतर रहे। आप दूसरों पर झूठा आरोप लगाते हैं। उन्होंने कहा कि गंगा मईया आप को सद्बुद्धी देने का काम कर सकती है, हमारी यही प्रार्थना है। 

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Verified by MonsterInsights