सहारनपुर जिले के रामपुर मनिहारान इलाके में रिश्तों को शर्मसार करने वाली एक घटना सामने आई है। जहां एक पति ने अपनी पत्नी की कथित तौर पर नशीला पदार्थ देने के बाद तकिये से मुंह दबाकर हत्या कर दी। सनसनीखेज बात यह है कि हत्या करने के बाद आरोपी ने खुद अपने दामाद को फोन कर इस जुर्म की जानकारी दी और मौके से फरार हो गया।

20 साल का रिश्ता और जुल्म की दास्तां
मिली जानकारी के मुताबिक, मृतका की पहचान 40 वर्षीय शबाना के रूप में हुई है। शबाना की शादी करीब 20 साल पहले गागलहेड़ी क्षेत्र के सलीम से हुई थी। परिजनों का आरोप है कि सलीम शुरुआत से ही हिंसक स्वभाव का था और शबाना के साथ अक्सर मारपीट करता था। बेटी की जान बचाने के लिए पिता ने रामपुर मनिहारान में अलग मकान भी बनवा दिया था, लेकिन सलीम का उत्पीड़न कम नहीं हुआ।

आधी रात को आया खौफनाक फोन कॉल
शबाना के पिता इनाम ने बताया कि शनिवार रात करीब 12:30 बजे उनके दामाद (शबाना की बेटी के पति) का फोन आया। दामाद ने बताया कि सलीम ने उसे फोन करके कहा है कि मैंने तुम्हारी सास को मार दिया है, घर वालों को बता देना। जब परिजन बदहवास होकर घर पहुंचे, तो शबाना मृत पड़ी थी और सलीम गायब था।

पुलिस और फॉरेंसिक टीम जांच में जुटी
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और फॉरेंसिक एक्सपर्ट्स मौके पर पहुंचे। कमरे से साक्ष्य जुटाए गए हैं और सीसीटीवी फुटेज खंगाली जा रही है। पुलिस को शक है कि पहले शबाना को कोई नशीली चीज दी गई और फिर उसकी हत्या की गई।

एसपी सिटी, व्योम बिंदल का बयान
संदिग्ध परिस्थितियों में महिला का शव मिलने की सूचना पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची थी। परिजनों ने पति पर हत्या का आरोप लगाया है और बताया है कि आरोपी ने खुद फोन कर वारदात की बात कबूली। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। रिपोर्ट आने के बाद मौत की सही वजह साफ होगी।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Verified by MonsterInsights