मुरादाबाद के थाना पाकबड़ा क्षेत्र के सब्जीपुर गांव में देर रात एक युवक द्वारा घर की दीवार पर “I Love Muhammad” लिखा पोस्टर चस्पा करने से बड़ा विवाद खड़ा हो गया. आपत्ति जताने पर आरोपी ने न सिर्फ गाली-गलौज और मारपीट की बल्कि परिवार को जान से मारने की धमकी भी दी. मामला बढ़ने पर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है.

क्या है पूरा मामला?
गांव निवासी तालिब ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि रात करीब सवा एक बजे पड़ोसी सरवर आलम उनके घर की दीवार और दरवाजे पर पोस्टर चिपकाने लगा. पोस्टर के कोने में आरोपी का खुद का फोटो भी छपा हुआ था. जब तालिब ने इसका विरोध किया तो सरवर आलम भड़क गया और गाली-गलौज करते हुए मारपीट पर उतर आया.

आरोप है कि सरवर जबरन घर के अंदर घुस गया और पूरे परिवार को जान से मारने की धमकी दी. शोर सुनकर मोहल्ले के लोग बाहर आ गए, जिसके बाद आरोपी मौके से फरार हो गया.

पुलिस ने की कार्रवाई
सूचना मिलते ही थाना पाकबड़ा पुलिस मौके पर पहुंची. पीड़ित की शिकायत के आधार पर आरोपी के खिलाफ गंभीर धाराओं 353, 333, 115, 352, 351 में मुकदमा दर्ज किया गया. पुलिस ने कई ठिकानों पर दबिश दी और सरवर आलम को गिरफ्तार कर लिया.

गांव में तनाव, पुलिस तैनात
घटना के बाद गांव में तनाव का माहौल बन गया. क्षेत्र की मिश्रित आबादी को देखते हुए पुलिस ने अतिरिक्त फोर्स तैनात कर दी है. अधिकारियों का कहना है कि किसी भी तरह का साम्प्रदायिक तनाव नहीं पनपने दिया जाएगा और कानून व्यवस्था को बिगाड़ने की कोशिश करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा.

क्या है SP का बयान?
इस मामले में एसपी सिटी कुमार रणविजय सिंह ने जानकारी दी कि थाना पाकबड़ा क्षेत्र के सब्जीपुर गांव निवासी तालिब की तहरीर पर आरोपी सरवर आलम को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है. विरोध करने पर आरोपी ने मारपीट और धमकी दी थी जिससे गांव में तनाव की स्थिति पैदा हुई थी. फिलहाल हालात नियंत्रण में हैं.

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Verified by MonsterInsights