मुजफ्फरनगर पुलिस ने व्यापारी से 8 लाख लूटने की घटना का 48 घंटे के भीतर राजफाश किया है। पुलिस ने दो लुटेरों को दबोच कर उनके कब्जे से लूटी गई स्कूटी और 8 लाख रुपए भी बरामद कर लिए।
एसपी देहात अतुल कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि 7 सितंबर को मुजफ्फरनगर से राशिद नाम का व्यक्ति जमीन खरीदने के लिए पेशगी देने जा रहा था। जब वह गांव बसधड़ा के करीब पहुंचा तो अपाचे बाइक पर आए दो बदमाशों ने राशिद को आतंकित कर उससे उसकी स्कूटी और 8 लाख लूट लिए। पुलिस ने मामले में मुकदमा दर्ज कर अज्ञात आरोपियों के विरुद्ध जांच शुरू कर दी थी।
प्रभारी निरीक्षक थाना शाहपुर विनय शर्मा ने बताया कि सुरागरसी और पतारसी के बाद घटना के 48 घंटे के भीतर दो बदमाशों को दबोच लिया गया। उन्होंने बताया कि दोनों की पहचान तैय्यब पुत्र अय्यूब निवासी ग्राम विज्ञाना थाना बुढाना, मुजफ्फरनगर और नाजिम पुत्र हमीद निवासी ग्राम बडका थाना बडौत, बागपत के रूप में हुई। दोनों बदमाशों से लूटी गई स्कूटी और 8 लाख रुपए बरामद कर लिए गए हैं। बदमाशों से अवैध हथियार भी बरामद किए गए हैं।
पुलिस के अनुसार पूछताछ में लूट में शामिल तैयब निवासी विज्ञान ने बताया कि 7 सितंबर को उसने अपने ममेरे भाई दिलशाद पुत्र मोहम्मद निवासी रासना थाना रोहटा हाल निवासी रोहिणी दिल्ली के कहने पर राशीद को जमीन की खरीद में बतौर पेशगी देने के लिए बसधड़ा बुलाया था। योजना के अनुसार नाजिम व महताब ने बाइक से पहुंचकर तमंचे के बल पर राशिद से स्कूटी और रुपए लूट लिए थे। पुलिस के अनुसार तैयब को उसके घर से और 5 लाख रुपया नगद और नाजिम को चांदपुर भट्ठे के पास से 3 लाख की नगदी के साथ दबोचा गया।
