लोकसभा चुनाव से पहले भाजपा शुकतीर्थ से ग्राम परिक्रमा शुरू कर रही है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ शामिल होने पहुंचे हैं। सीएम योगी आदित्यनाथ ने जनसभा में पहुंचे भाजपा नेताओं और आसपास से पहुंचे किसानों के अभिवादन के साथ शुरू किया। इसके बाद उन्होंने राम मंदिर निर्माण से अपने भाषण की शुरुआत की और कहा कि 500 वर्ष का ये सपना पूरा हुआ, अब अयोध्या में प्रतिदिन लाखों की संख्या में श्रद्धालु पहुंच रहे हैं।
सीएम योगी ने कहा कि डबल इंजन की सरकार जो कहती है वो करके दिखाती है। पहले मुजफ्फरनगर में दंगे होते थे कई दिन तक दंगे चलते थे। कई नेता भी जेल में थे। अब कोई दंगा कर सकता है क्या? गन्ना मूल्य के बकाया पर बात करते हुए उन्होंने कहा पहले सात प्रतिशत बकाया भुगतान था लेकिन अब 99 प्रतिशत गन्ना भुगतान किया जा रहा है। 119 चीनी मिलों में से 105 मिले ऐसी है जो शत प्रतिशत भुगतान कर चुकी हैं।
कहा कि डबल इंजन की सरकार को लाने का श्रेय किसानों को जाता है। हमने मुफ्त बिजली के लिए व्यवस्था की है। हम यहां आए तो पता चला कि ऑर्गेनिक गुड़ न सिर्फ देश बल्कि विदेश में भी अपनी खुशबू बिखेर रहा है। इसके लिए बिजनौर, मुजफ्फरनगर और शामली वालों को बधाई। सरधना में खेल यूनिवसिर्टी पर कार्य शुरू हो गया है।
पहले की सरकारें युवाओं की नौकरी में भी ठगी करते थे। युवाओं के रोजगार पर भी घपला होता था। यूपी में भर्ती की प्रक्रिया बिना किसी भेदभाव होगी।
उन्होंने कहा किसानों की आय को बढ़ाने के लिए मोटे अनाज के लिए किसानों को प्रेरित करने के लिए सरकार के स्तर पर विभिन्न योजनाओं को आगे बढ़ाने के लिए कार्य किया जा रहा है। ऐसे ही नौ संकल्पों के साथ इस ग्राम परिक्रमा अभियान को शुरू किया जा रहा है।
बता दें कि भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा को भी कार्यक्रम में पहुंचना था लेकिन किसी कारणवश उनका दौरा अंतिम समय में रद्द हो गया। इस कार्यक्रम का देशभर में दो हजार स्थानों पर लाइव प्रसारण दिखाया जाएगा। विभिन्न योजनाओं के लाभार्थियों को सम्मानित भी किया गया।
सीएम योगी आदित्यनाथ ने जनसभा को संबोधित करने से पहले ट्रैक्टर पूजन किया। बता दें कि ग्राम परिक्रमा यात्रा 5 मार्च तक चलेगी। किसानों के सुझावों को संकल्प पत्र में शामिल किया जाएगा।
