मुजफ्फरनगर में आम आदमी पार्टी कार्यकर्ताओं ने कलेक्ट्रेट पर प्रदर्शन करते हुए केंद्र सरकार पर गंभीर आरोप लगाए हैं। पार्टी नेता और राज्यसभा सदस्य संजय सिंह की गिरफ्तारी को गैर कानूनी बताते हुए केंद्र पर भ्रष्टाचार को बढ़ावा देने का आरोप लगाया।
सोमवार को आम आदमी पार्टी कार्यकर्ताओं ने कलेक्ट्रेट पर प्रदर्शन किया। आम आदमी पार्टी जिला अध्यक्ष अरविंद बालियान के नेतृत्व में पार्टी कार्यकर्ताओं ने कलेक्ट्रेट पहुंच कर केंद्र सरकार के विरोध में जमकर नारेबाजी की। जिला अध्यक्ष अरविंद बालियान ने कहा कि केंद्र सरकार अपने भ्रष्टाचार को छुपाने के लिए ईडी और सीबीआई का नाजायज इस्तेमाल कर रही है।
उन्होंने कहा कि आम आदमी पार्टी पूर्ण रूप से ईमानदार है। वह भ्रष्टाचार में लिप्त सरकारों की करगुजारियों को उजागर कर रही है। ऐसे में केंद्र सरकार पार्टी नेताओं को डराना चाहती है। यही वजह है कि आम आदमी पार्टी के नेता और दिल्ली के मुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया सहित कई अन्य नेताओं को भी जेल भेज दिया गया है। उन्होंने कहा कि पार्टी नेता और राज्यसभा सदस्य संजय सिंह को भी भ्रष्टाचार के विरुद्ध आवाज़ बुलंद करने की सजा दी जा रही है।
उन्होंने कहा कि यही कारण है कि ईडी और दूसरी सरकारी एजेंसियों को उनके पीछे लगाया गया है। उन्होंने कहा कि आम आदमी पार्टी अपने नेताओं के साथ खड़ी है। नेताओं का उत्पीड़न बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। पार्टी को राष्ट्रभक्ति और राष्ट्र सेवा करने की सजा दी जा रही है। आम आदमी पार्टी नेताओं ने चेतावनी दी कि यदि केंद्र सरकार ने इस तरह की कार्रवाई को वापस नहीं लिया तो उग्र आंदोलन किया जाएगा।
