मध्य प्रदेश के पन्ना जिले के ककरहटा गांव में जमीनी विवाद ने हिंसक और दिल दहला देने वाला रूप ले लिया है। यहां बेबी पाल (35) नामक एक महिला को उसके जेठ, जेठानी और भतीजी ने खेत में घसीटकर बेरहमी से पीटा। विवाद इतना बढ़ गया कि भतीजी ने महिला के हाथ को अपने मुंह से काट लिया जिससे वह बुरी तरह घायल हो गई। इस पूरी घटना का वीडियो महिला की बेटी ने अपने मोबाइल में रिकॉर्ड कर लिया जो अब सोशल मीडिया पर तेज़ी से वायरल हो रहा है। घायल महिला बेबी पाल को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

खेत जोतने से रोका तो शुरू हुआ हमला

पन्ना पुलिस ने बताया कि यह घटना 16 अक्टूबर की दोपहर करीब 1:30 बजे की है। पीड़िता बेबी पाल पत्नी मनोज पाल ने बताया कि जमीन के बंटवारे को लेकर लंबे समय से विवाद चल रहा था। बकरियां चराकर घर लौटते समय पीड़िता ने देखा कि विवादित जमीन पर उसका जेठ रामेश्वरी पाल और जेठानी शशिला पाल खेत की जुताई करा रहे थे।

जब पीड़िता ने इसका विरोध किया तो दोनों ने गाली-गलौज शुरू कर दी। गाली देने से रोकने पर जेठ और जेठानी ने लाठी-डंडों से हमला कर दिया। महिला ने बचाव की कोशिश की लेकिन तभी जेठानी की पुत्री भी आ गई। तीनों ने मिलकर बेबी पाल को पकड़कर खेत में गिरा दिया और बुरी तरह पीटा। सबसे खौफनाक बात यह रही कि इसी दौरान भतीजी ने महिला का हाथ अपने मुंह से काट लिया जिससे पीड़िता बुरी तरह घायल हो गई।

बेटी का रिकॉर्ड किया वीडियो बना सबूत

महिला की चीख-पुकार सुनकर खेत में काम कर रहे ट्रैक्टर चालक सुरेश धीमर और आसपास के लोगों ने बीच-बचाव किया और घायल महिला को अस्पताल पहुंचाया। 20 अक्टूबर को उन्हें पन्ना जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। महिला की बेटी ने बहादुरी दिखाते हुए इस पूरे हमले का वीडियो मोबाइल में रिकॉर्ड कर लिया। इस वायरल वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि महिला को खेत में घसीटा जा रहा है और लाठियों से मारा जा रहा है।

पीड़िता ने ककरहटी चौकी में शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है लेकिन पीड़ित परिवार अभी भी डरा हुआ है और आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग कर रहा है।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Verified by MonsterInsights