------------------

नई दिल्ली, 28 फ़रवरी । दिल्ली के महापौर राजा इकबाल सिंह ने बताया कि दिल्ली नगर निगम (एमसीडी) ने राजधानी में नालों की सफाई का कार्य प्रारम्भ कर दिया गया है तथा निर्धारित समय-सीमा से पूर्व सभी नालों की सफाई पूर्ण कर ली जाएगी। उन्होंने कहा कि निगम प्रशासन मॉनसून से पहले व्यापक स्तर पर तैयारी कर रहा है, ताकि मानसून के दौरान जलभराव की स्थिति उत्पन्न न हो और नागरिकों को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।

महापौर राजा इकबाल सिंह ने शनिवार को महापौर कार्यालय में पत्रकार वार्ता को संबोधित करते हुए जानकारी दी कि एमसीड के अधिकार क्षेत्र के अंतर्गत चार फुट से कम गहराई वाले कुल 12,892 नाले हैं, जिनकी कुल लंबाई 6,069.88 किलोमीटर है। जनवरी से अब तक इन नालों से 8,047 मैट्रिक टन गाद निकाली जा चुकी है। उन्होंने बताया कि इन नालों की नियमित रूप से सफ़ाई की जाती है और गाद निकालने का कार्य निगम द्वारा सतत रूप से जारी है।

उन्होंने बताया कि चार फुट से अधिक गहराई वाले कुल 800 नाले निगम के अधिकार क्षेत्र में आते हैं, जिनकी कुल लंबाई 530.82 किलोमीटर है। जनवरी से अब तक इन बड़े नालों से 16,966 मैट्रिक टन गाद निकाली जा चुकी है। महापौर ने कहा कि यह कार्य प्राथमिकता के आधार पर किया जा रहा है, ताकि वर्षा के दौरान जल निकासी व्यवस्था सुचारु बनी रहे।

महापौर राजा इकबाल सिंह ने आगे बताया कि बड़े नालों की सफाई हेतु दिल्ली नगर निगम ने निविदाएं आमंत्रित करने की प्रक्रिया प्रारम्भ कर दी है। निविदा प्रक्रिया पूर्ण होते ही इन नालों से गाद निकालने का कार्य तेजी से शुरू कर दिया जाएगा। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि सभी कार्य समय से पूर्व पूर्ण किए जाएं और गुणवत्ता में किसी प्रकार की कमी न रहे।

महापौर ने कहा कि जलभराव वाले संवेदनशील स्थानों के लिए विशेष व्यवस्था बनाई जाएगी और जरूरत के अनुसार पंप की व्यवस्था की जाएगी ताकि ऐसे स्थानों पर जलभराव होने से रोका जा सके।

राजा इकबाल सिंह ने कहा कि दिल्ली में “ट्रिपल इंजन” की सरकार नागरिकों के हित में निरंतर कार्य कर रही है। एमसीडी, प्रदेश सरकार के साथ पूर्ण समन्वय स्थापित कर कार्य कर रही है, ताकि राजधानी को देश का सबसे स्वच्छ और सुंदर शहर बनाया जा सके। उन्होंने बताया कि इस दिशा में दिल्ली सरकार से हर संभव सहयोग प्राप्त हो रहा है और संयुक्त प्रयासों से दिल्ली को स्वच्छता के क्षेत्र में नई ऊंचाइयों पर पहुंचाया जाएगा।

महापौर ने नागरिकों से भी अपील की कि वे स्वच्छता बनाए रखने में निगम का सहयोग करें और नालों में कूड़ा-कचरा न डालें, ताकि जल निकासी व्यवस्था प्रभावी बनी रहे।

By editor

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Verified by MonsterInsights