सहारानपुर(मनीष अग्रवाल)। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक, अभिनन्दन सहारनपुर ने जानकारी देते हुए बताया कि आगामी 19 मार्च से चैत्र नवरात्रि के पावन अवसर पर जनपद सहारनपुर स्थित माँ शाकुम्भरी देवी मंदिर पर प्रतिवर्ष की भांति इस वर्ष भी विशाल मेले का आयोजन किया जा रहा है। मेले में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को दृष्टिगत रखते हुए सहारनपुर पुलिस द्वारा व्यापक सुरक्षा एवं व्यवस्थात्मक तैयारियाँ सुनिश्चित की गई हैं। मेले के सुचारु संचालन हेतु यातायात व्यवस्था, क्राउड मैनेजमेंट, पार्किंग व्यवस्था, सीसीटीवी कैमरों की निगरानी तथा अनाउंसमेंट सिस्टम को सुदृढ़ एवं प्रभावी बनाया गया है। श्रद्धालुओं की सुविधा एवं सुरक्षा के दृष्टिगत मेले क्षेत्र में 15 अस्थायी पुलिस चौकियाँ स्थापित की गई हैं, जिससे प्रत्येक स्थान पर पुलिस की सतत उपस्थिति सुनिश्चित हो सके। महिला सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए महिला हेल्प डेस्क स्थापित किए गए हैं, जहां महिला पुलिसकर्मी तैनात रहकर सहायता प्रदान करेंगी। इसी अवधि में ईद पर्व के मद्देनज़र भी जनपद में समुचित पुलिस बल का डिप्लॉयमेंट किया गया है, जिससे दोनों प्रमुख त्योहारों को शांति, सौहार्द एवं सुरक्षा के साथ सम्पन्न कराया जा सके।
