ऑनलाइन फैशन रिटेलर ASOS के ब्रिटिश को-फाउंडर Quentin Griffiths का थाईलैंड में निधन हो गया। वह 58 वर्ष के थे। थाई पुलिस के अनुसार, ग्रिफिथ्स 9 फरवरी को समुद्र तटीय शहर Pattaya स्थित एक अपार्टमेंट की 17वीं मंजिल से गिर गए। शुरुआती जांच में पुलिस आत्महत्या की आशंका जता रही है।

अंदर से लॉक था Quentin Griffiths का अपार्टमेंट
जांच अधिकारियों ने बताया कि ग्रिफिथ्स अपार्टमेंट में अकेले थे और कमरा अंदर से लॉक था। सीसीटीवी फुटेज में किसी बाहरी व्यक्ति के प्रवेश का कोई संकेत नहीं मिला। ऑटोप्सी रिपोर्ट में भी किसी तरह की गड़बड़ी या संघर्ष के प्रमाण नहीं पाए गए। एक पुलिस अन्वेषक ने बताया कि अपार्टमेंट से चल रहे एक कानूनी मामले से जुड़े दस्तावेज बरामद हुए हैं। पुलिस के मुताबिक, ग्रिफिथ्स अपने निजी और कानूनी विवादों को लेकर तनाव में थे।

कानूनी विवादों से जुड़े संकेत
पुलिस को दी गई जानकारी के अनुसार, ग्रिफिथ्स की पूर्व पत्नी, जो थाई नागरिक हैं, के साथ उनका कानूनी विवाद चल रहा था। आरोप था कि उन्होंने संयुक्त व्यवसाय से 6,73,000 अमेरिकी डॉलर से अधिक की कथित हेराफेरी की। पिछले वर्ष इस मामले में उन्हें गिरफ्तार कर पूछताछ भी की गई थी। एक अन्य आरोप में उन पर बिना अनुमति जमीन के हिस्से बेचने के लिए कथित रूप से फर्जी दस्तावेज तैयार करने की बात सामने आई थी। बाद में उन्हें रिहा कर दिया गया था, लेकिन जांच जारी थी।

ASOS ने जताया शोक
ASOS के प्रवक्ता ने बयान जारी कर कहा कि कंपनी अपने “ओरिजिनल को-फाउंडर्स में से एक क्वेंटिन के निधन” से दुखी है। प्रवक्ता ने कंपनी की शुरुआती सफलता में उनके योगदान को महत्वपूर्ण बताया।

2000 में रखी थी नींव
क्वेंटिन ग्रिफिथ्स ने वर्ष 2000 में लंदन में निक रॉबर्टसन, एंड्रयू रीगन और डेबोरा थोर्प के साथ ASOS की स्थापना की थी। शुरुआत में ‘As Seen On Screen’ नाम से शुरू हुई कंपनी ने टीवी और फिल्मों से प्रेरित फैशन उत्पादों की बिक्री की। समय के साथ ASOS एक वैश्विक ऑनलाइन मार्केटप्लेस के रूप में उभरी और एक समय इसका बाजार मूल्य 8 बिलियन अमेरिकी डॉलर से भी अधिक पहुंच गया था। पुलिस ने कहा है कि मामले की विस्तृत जांच जारी है।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Verified by MonsterInsights