मणिपुर में चुराचंदपुर जिले के जंगलों से असम राइफल्स के जवानों ने एक प्रतिबंधित संगठन के एक ‘‘वरिष्ठ कमांडर’’ और पांच अन्य उग्रवादियों को गिरफ्तार किया है। अर्धसैनिक बल ने शनिवार को यह जानकारी दी। बल ने बताया कि इन उग्रवादियों को एक अक्टूबर को एक अभियान के दौरान गिरफ्तार किया गया।

बल ने एक बयान में कहा, ‘‘असम राइफल्स ने एक अक्टूबर को जंगल में ‘ऑपरेशन सोंगकोट’ नामक एक साहसिक अभियान चलाकर ‘यूनाइटेड कुकी नेशनल आर्मी’ (यूकेएनए) के वरिष्ठ कमांडर एस एस लेफ्टिनेंट जामखोगिन गुइटे लुफो उर्फ ​​पेप्सी को गिरफ्तार कर लिया।’’

बयान में बताया गया कि अभियान के दौरान पांच अन्य उग्रवादियों को भी गिरफ्तार किया गया। बयान में कहा गया है, ‘‘इस सफल अभियान ने चुराचांदपुर और जिरीबाम में यूकेएनए के नेटवर्क को बड़ा झटका दिया है। इससे क्षेत्र में शांति और सुरक्षा के लिए असम राइफल्स की अटूट प्रतिबद्धता की पुष्टि होती है।’’

मणिपुर के अधिकारियों ने कहा कि यूकेएनए कमांडर जनवरी 2024 में बिष्णुपुर जिले में एक पिता और पुत्र सहित मेइती समुदाय के चार सदस्यों की हत्या में कथित रूप से शामिल था।

इंफाल घाटी में रहने वाले मेइती और आसपास के पहाड़ी इलाकों में रहने वाले कुकी-जो समूहों के बीच मई 2023 से जातीय हिंसा में 260 से अधिक लोग मारे गए हैं और हजारों लोग बेघर हुए हैं।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Verified by MonsterInsights