भारतीय जनता पार्टी ने रविवार रात लोकसभा उम्मीदवारों की पांचवी सूची जारी कर दी। उत्तर प्रदेश, राजस्थान, ओडिशा, बंगाल सहित 17 राज्यों की 111 लोकसभा सीटों की इस सूची में सितारों, दिग्गज नेताओं से लेकर दलबदलुओं तक के नाम शामिल हैं। एक तिहाई टिकट बदले गए हैं। वरुण गांधी का उत्तर प्रदेश के पीलीभीत से टिकट कट गया तो उनकी मां मेनका गांधी पर पार्टी ने भरोसा बरकरार रखा है। केंद्रीय मंत्री जनरल वीके सिंह का गाजियाबाद से टिकट काट कर स्थानीय विधायक अतुल गर्ग को मौका दिया गया है। अभिनेत्री कंगना को हिमाचल की मंडी से तो रामायण में राम की भूमिका निभाने वाले अरुण गोविल को पार्टी ने मेरठ से टिकट दिया है। खास बात है कि कांग्रेस से भाजपा में शामिल होने के आधे घंटे के अंदर ही उद्योगपति नवीन जिंदल को पार्टी ने हरियाणा की कुरुक्षेत्र से उम्मीदवार बना दिया। केरल की वायनाड सीट से कांग्रेस नेता राहुल गांधी के सामने पार्टी के प्रदेशाध्यक्ष के.सुधाकरन को उतारा गया है।

भाजपा ने पश्चिम बंगाल में संदेश खाली घटना की पीड़िता रेखा पात्रा को बशीरहाट सीट से चुनाव मैदान में उतारकर चौंका दिया है। पार्टी ने इस टिकट के जरिए राज्य की महिलाओं को बड़ा संदेश देने की कोशिश की है। दार्जिलिंग से युवा चेहरे राजू बिष्ट पर पार्टी ने दोबारा भरोसा जताया है।

भाजपा ने राजस्थान के शेष 10 में से 7 टिकट भी जारी किए हैं, इसमें 3 महिलाओं को मौका मिला है। राजसमंद से राजघराने की महिमा विश्वेश्वर सिंह को पार्टी ने उतारा है तो गंगानगर से प्रियंका बालन, झुंझुनू से शुभकरण चौधरी, जयपुर ग्रामीण से राव राजेंद्र सिंह, जयपुर से मंजू शर्मा, टोंक सवाई माधोपुर से सुखबीर सिंह जौनपुरिया, अजमेर से भागीरथ चौधरी को मौका मिला है।

भाजपा ने दलबदलुओं को भी टिकट देने से परहेज नहीं किया है। पार्टी बदल कर आने वाले दो नेताओं को उसी दिन टिकट दे दिया। घोटाले में फंसे कांग्रेस के पूर्व सांसद नवीन जिंदल रविवार शाम ही भाजपा में शामिल हुए और उन्हें कुरुक्षेत्र से उम्मीदवार बना दिया गया। दोपहर में वायएसआर कांग्रेस छोड़कर पार्टी में आंध्र प्रदेश के विधायक वरप्रसाद राव को तिरुपति से और पिछले दिनों झामुमो छोड़कर आई सीता सोरेन को दुमका से चुनाव मैदान में उतारा गया है।

पूर्व वायु सेना प्रमुख एयर चीफ मार्शल आरकेएस भदौरिया रविवार को भाजपा में शामिल हो गए। पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव विनोद तावड़े और केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर ने उन्हें पार्टी की सदस्यता दिलाई।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Verified by MonsterInsights